सुशील गाबा ने किया बस स्टैंड वाली ऐतिहासिक श्री रामलीला के भूमि पूजन का शुभारंभ
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। नगर की प्राचीन एवं ऐतिहासिक बस स्टैंड वाली श्री रामलीला के भव्य आयोजन की तैयारियों का शुक्रवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। श्री रामलीला ग्राउंड में वैदिक मंत्रोच्चारण एवं विधि-विधान के साथ भूमि पूजन समारोह संपन्न हुआ। इस दौरान प्रभु श्रीराम का किरदार निभा रहे मनोज अरोड़ा, बजरंगबली हनुमान का किरदार निभा रहे सुशील गाबा सहित श्री रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं कलाकारों ने पूजा-अर्चना कर आयोजन के सफल एवं भव्य होने की कामना की।
श्री रामलीला कमेटी के तत्वावधान में श्री राम नाटक क्लब द्वारा आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में रामभक्तों ने सहभागिता की। भूमि पूजन के दौरान श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद लेते हुए आगामी श्री रामलीला के सफल आयोजन की प्रार्थना की।
श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष मनोज गाबा ने कहा कि नगर की बस स्टैंड वाली श्री रामलीला प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। इसे पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने का सौभाग्य कमेटी को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि श्री रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को मर्यादा, संस्कार, सत्य, त्याग और आपसी भाईचारे का संदेश देने का सशक्त माध्यम भी है। सभी के सामूहिक सहयोग से इस वर्ष भी श्री रामलीला को भव्य एवं गरिमामयी स्वरूप प्रदान किया जाएगा।
कमेटी के महामंत्री रामभक्त सुशील गाबा ने कहा कि भूमि पूजन के साथ प्रभु श्रीराम की पावन लीला के आयोजन का विधिवत शुभारंभ हो गया है। प्रभु श्रीराम का संपूर्ण जीवन सत्य, मर्यादा और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि कमेटी का प्रयास है कि इस ऐतिहासिक श्री रामलीला के माध्यम से नई पीढ़ी को प्रभु श्रीराम के आदर्शों, संस्कारों और सनातन संस्कृति से जोड़ा जाए।
कोषाध्यक्ष अमित गंभीर, सीए ने कहा कि श्री रामलीला की सफलता किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरी कमेटी, कलाकारों, सहयोगियों और नगरवासियों के सामूहिक समर्पण का परिणाम है। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों एवं रामभक्तों का आभार व्यक्त करते हुए नगरवासियों से आगामी श्री रामलीला में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की।
भूमि पूजन के दौरान रामभक्तों ने “बोल सियावर रामचंद्र भगवान की जय” के जयघोष किए, जिससे पूरा श्री रामलीला मैदान भक्तिमय हो उठा।
इस दौरान कमेटी समन्वयक राजेश छाबड़ा, श्री राम नाटक क्लब के अध्यक्ष विशाल भुड्डी, महामंत्री गौरव तनेजा, हरीश सुखीजा, विजय अरोड़ा, विजय जग्गा, हरीश अरोड़ा, संदीप धीर, विजय विरमानी, रघुवीर अरोड़ा, जगदीश टंडन, महावीर आजाद, राकेश सुखीजा, राज घई, प्रेम खुराना, अनिल तनेजा, सचिन मुंजाल, मनोज मुंजाल, सचिन आनंद, नरेश छाबड़ा, रमन अरोड़ा, गुरशरण बब्बर शरणी, गोला इदरीसी, राज ग्रोवर, पुलकित बाम्बा, सिद्धांत ग्रोवर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, सदस्य, कलाकार एवं रामभक्त उपस्थित रहे।।

