Thursday, September 24, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

हल्दीघेरा में 7.22 करोड़ की गौशाला का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण 108.84 करोड़ की 15 विकास योजनाओं का भी किया शिलान्यास

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हल्दीघेरा में 722.76 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित गौशाला का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने 10884.28 लाख रुपये की 15 विकास योजनाओं का शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री ने गौशाला के भविष्य में आवश्यकता के अनुसार विस्तार की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गौशाला निराश्रित गोवंश को सुरक्षित एवं सम्मानजनक आश्रय देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे किसानों को फसलों की सुरक्षा के साथ ही सड़क दुर्घटनाओं से भी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि गौ माता का संरक्षण हमारी परंपरा ही नहीं, बल्कि कर्तव्य, धर्म और जिम्मेदारी भी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 72 पंजीकृत और नौ अनुबंधित गौ सदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को आश्रय दिया जा रहा है। वहीं 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि चिन्हित की गई है। उन्होंने गौ संरक्षण में समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपील की।

शिलान्यास की गई प्रमुख योजनाओं में सड़कों का उच्चीकरण व चौड़ीकरण, पुल निर्माण, गौशाला, महाविद्यालय के आवासीय भवन, बाढ़ सुरक्षा कार्य तथा विभिन्न मोटर मार्गों का निर्माण शामिल है।
सांसद अजय भट्ट ने गौशाला निर्माण को निराश्रित गोवंश के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास बताया। जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में महापौर दीपक बाली, दर्जा मंत्री गंभीर सिंह धामी, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, राजेश शुक्ला, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button