टनकपुर में 5.75 करोड़ की लागत से 66 बेडेड महिला छात्रावास तैयार तकनीकी शिक्षा ग्रहण करने वाली छात्राओं को मिलेगा सुरक्षित और सुविधायुक्त आवासीय परिसर
टनकपुर में 5.75 करोड़ की लागत से 66 बेडेड महिला छात्रावास तैयार
तकनीकी शिक्षा ग्रहण करने वाली छात्राओं को मिलेगा सुरक्षित और सुविधायुक्त आवासीय परिसर
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ शैक्षणिक संस्थानों में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार पर लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में जनपद चम्पावत के टनकपुर स्थित डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्रौद्योगिकी संस्थान में 66 बेडेड महिला छात्रावास का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। छात्रावास के निर्माण पर कुल 5.75 करोड़ रुपये की लागत आई है।
महिला छात्रावास के निर्माण से दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों से टनकपुर आकर तकनीकी शिक्षा ग्रहण करने वाली छात्राओं को आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी। इससे छात्राओं को पढ़ाई के दौरान आवास की समस्या से राहत मिलने के साथ ही परिसर के भीतर सुरक्षित, स्वच्छ एवं अध्ययन के अनुकूल वातावरण मिल सकेगा।
अब तक आवासीय सुविधा के अभाव में दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को रहने सहित अन्य व्यावहारिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता था। छात्रावास के तैयार होने से इन छात्राओं को संस्थान परिसर में ही बेहतर आवासीय सुविधा मिल सकेगी।
यह परियोजना सीमांत जनपद में तकनीकी शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे विशेष रूप से छात्राओं को तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा तथा महिला सशक्तिकरण और कन्या शिक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे बुनियादी ढांचे के विस्तार से सीमांत क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने घर के निकट उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।।

