Thursday, September 24, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

चम्पावत को शिक्षा क्षेत्र में बड़ी सौगात, धूरा-मौराड़ी के विद्यालय होंगे इंटर स्तर तक उच्चीकृत मुख्यमंत्री की घोषणा को मिली सैद्धांतिक एवं प्रशासनिक स्वीकृति, ग्रामीण विद्यार्थियों को घर के नजदीक मिलेगी 11वीं-12वीं की शिक्षा

चम्पावत को शिक्षा क्षेत्र में बड़ी सौगात, धूरा-मौराड़ी के विद्यालय होंगे इंटर स्तर तक उच्चीकृत
मुख्यमंत्री की घोषणा को मिली सैद्धांतिक एवं प्रशासनिक स्वीकृति, ग्रामीण विद्यार्थियों को घर के नजदीक मिलेगी 11वीं-12वीं की शिक्षा

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

चम्पावत। प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में चम्पावत जनपद को बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से की गई घोषणाओं के क्रम में शासन ने विकासखंड चम्पावत के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धूरा एवं राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मौराड़ी को इंटर स्तर पर उच्चीकृत किए जाने की सैद्धांतिक एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।
विद्यालयों के उच्चीकरण के बाद अब यहां विद्यार्थियों को हाईस्कूल के बाद कक्षा 11 एवं 12 की पढ़ाई के लिए दूसरे क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी। विद्यालयों के लिए आवश्यक पदों के सृजन संबंधी आदेश पृथक से जारी किए जाएंगे।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि दोनों विद्यालयों का उच्चीकरण मुख्यमंत्री की दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा को अधिक सुलभ बनाने की प्रतिबद्धता को धरातल पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे धूरा, मौराड़ी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को हाईस्कूल के बाद इंटरमीडिएट की पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा स्थानीय स्तर पर इंटर तक शिक्षा उपलब्ध होने से विद्यार्थियों के समय और आवागमन की बचत होगी तथा अभिभावकों पर पड़ने वाला अतिरिक्त आर्थिक भार भी कम होगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों के उच्चीकरण का विशेष लाभ ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को मिलेगा हाईस्कूल के बाद आगे की पढ़ाई के लिए छात्राओं को दूरस्थ विद्यालयों तक आवागमन करना पड़ता है। ऐसे में क्षेत्र में ही इंटर स्तर की शिक्षा उपलब्ध होने से छात्राओं को अपनी पढ़ाई निरंतर जारी रखने का बेहतर अवसर मिलेगा।

धूरा क्षेत्र के संबंध में पूर्व में सामने आई जानकारी के अनुसार आसपास के गांवों के विद्यार्थियों को हाईस्कूल के बाद आगे की पढ़ाई के लिए कई किलोमीटर दूर जाना पड़ता था। अब विद्यालय के इंटर स्तर तक उच्चीकृत होने से विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही माध्यमिक शिक्षा जारी रखने की सुविधा मिलेगी दोनों विद्यालयों के उच्चीकरण से ग्रामीण क्षेत्रों में माध्यमिक शिक्षा का आधार और मजबूत होगा। साथ ही हाईस्कूल के बाद विद्यार्थियों के पढ़ाई छोड़ने की परिस्थितियों को कम करने में भी सहायता मिलेगी स्थानीय स्तर पर इंटरमीडिएट तक शिक्षा की सुविधा उपलब्ध होने से विद्यार्थियों, विशेषकर बालिकाओं, को शिक्षा जारी रखने के लिए अनुकूल वातावरण मिलेगा।

विद्यालयों के उच्चीकरण की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्र के स्थानीय लोगों और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया ग्रामीणों ने कहा कि धूरा एवं मौराड़ी के विद्यालयों का इंटर स्तर तक उच्चीकरण क्षेत्र के विद्यार्थियों और अभिभावकों की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता को पूरा करने वाला कदम है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ शिक्षा का विस्तार होगा और विद्यार्थियों को अपने घर के नजदीक ही आगे की पढ़ाई का अवसर मिलेगा।।

error: Content is protected !!
Call Now Button