नगर पालिका निर्वाचन को लेकर ऊधमसिंहनगर पुलिस अलर्ट मोड पर किच्छा व सिरौलीकलां में चाक-चौबंद रहेगी सुरक्षा व्यवस्था, भारी पुलिस बल तैनात
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। किच्छा एवं सिरौलीकलां नगर पालिका निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए ऊधमसिंहनगर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर ली है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मतदान केंद्रों और उनके आसपास के क्षेत्रों में पुलिस लगातार निगरानी रखेगी।
निर्वाचन ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का विशेष फोकस शांतिपूर्ण मतदान कराने के साथ ही मतदाताओं को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने पर रहेगा। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
भारी पुलिस बल रहेगा तैनात
किच्छा एवं सिरौलीकलां नगर पालिका निर्वाचन के लिए 01 पुलिस अधीक्षक, 01 क्षेत्राधिकारी, 03 निरीक्षक, 22 उपनिरीक्षक, 24 हेड कांस्टेबल, 72 कांस्टेबल, 24 महिला कांस्टेबल, 15 फायरमैन तथा 25 होमगार्ड तैनात किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त निर्वाचन ड्यूटी में पीएसी पुरुष की 1.5 सेक्शन एवं पीएसी महिला की 1.5 सेक्शन भी तैनात रहेगी एसएसपी अजय गणपति के निर्देशानुसार पुलिस द्वारा निर्वाचन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी। पुलिस प्रशासन ने शांतिपूर्ण एवं सकुशल निर्वाचन संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।।

