25 सूत्रीय कार्यक्रम की डीएम ने की विस्तृत समीक्षा, शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के दिए निर्देश
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
चम्पावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में शासन के 25 सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विभागवार निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष हुई प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को योजनाओं का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि 25 सूत्रीय कार्यक्रम शासन की प्राथमिकताओं से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों को गंभीरता से लेते हुए शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन विभागों और योजनाओं में लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति कम है, वहां विशेष कार्ययोजना तैयार कर कार्यों में तेजी लाई जाए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीण विकास, कृषि, उद्यान, पशुपालन, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, पेयजल, स्वरोजगार, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से विभागीय योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों, अब तक हुई उपलब्धियों तथा लंबित कार्यों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
डीएम ने कहा कि योजनाओं की प्रगति केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उनका वास्तविक लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं का भौतिक सत्यापन करने तथा पात्र लाभार्थियों को समय से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं की नियमित समीक्षा की जाए और प्रगति में आ रही बाधाओं का तत्काल समाधान किया जाए। साथ ही संबंधित पोर्टल पर योजनाओं से जुड़ी सूचनाओं और आंकड़ों को समय से अद्यतन करने को कहा। डीएम ने लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने तथा शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्पष्ट किया कि विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समयावधि में लक्ष्य प्राप्त करने को कहा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, एसडीएम बीसी पंत, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी दीपकीर्ति तिवारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. इंद्रजीत पाण्डेय, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी हितेश कांडपाल, अधिशासी अभियंता एनएच विभोर गुप्ता, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।।
