डीएम के मार्गदर्शन में गौरल चौड़ मैदान में ‘मुख्यमंत्री चैंपियनशिप खेल महाकुंभ’ का भव्य शुभारंभ विधानसभा स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन
डीएम के मार्गदर्शन में गौरल चौड़ मैदान में ‘मुख्यमंत्री चैंपियनशिप खेल महाकुंभ’ का भव्य शुभारंभ
विधानसभा स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
चंपावत। जनपद चंपावत के गौरल चौड़ खेल मैदान में सोमवार को ‘मुख्यमंत्री चैंपियनशिप खेल महाकुंभ’ के अंतर्गत विधानसभा स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण माहौल में भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन विधायक प्रतिनिधि चंपावत प्रकाश तिवारी तथा ब्लॉक प्रमुख चंपावत अंचला बोहरा ने संयुक्त रूप से किया।
जिलाधिकारी चंपावत के मार्गदर्शन में आयोजित इस खेल महाकुंभ का उद्देश्य जनपद के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराना है। जिला प्रशासन की ओर से प्रतियोगिता के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
प्रतियोगिता के प्रथम दिवस विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे युवा खिलाड़ियों ने वॉलीबॉल, कबड्डी, एथलेटिक्स, लंबी कूद, ऊंची कूद एवं खो-खो सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं में प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि खेल महाकुंभ युवाओं के लिए अपनी खेल प्रतिभा को निखारने का सशक्त मंच है। खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। विधानसभा स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्थान प्राप्त करने वाले विजेता खिलाड़ी आगामी सांसद स्तरीय खेल प्रतियोगिता में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।
बालिकाओं की 60 मीटर दौड़ में पूजा महर ने प्रथम, आरुषि रैसवाल ने द्वितीय तथा प्रीती जोशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 600 मीटर दौड़ में पूजा भंडारी प्रथम, आरुषि रैसवाल द्वितीय तथा पूजा महर तृतीय स्थान पर रहीं।
लंबी कूद स्पर्धा में सोनी महर ने प्रथम, प्रीती जोशी ने द्वितीय तथा लक्ष्मी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं ऊंची कूद में गरिमा परवाल ने प्रथम, सुहाना ने द्वितीय तथा कामाक्षी जोशी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे खिलाड़ियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन उन्हें अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने के साथ-साथ उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयारी का अवसर प्रदान करते हैं। विधानसभा स्तर पर चयनित एवं विजेता खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं में जनपद का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में खेल विभाग के अधिकारी, विभागीय कर्मचारी, प्रशिक्षक, खेल प्रेमी, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। गौरल चौड़ मैदान में दिनभर खिलाड़ियों के उत्साह और खेल गतिविधियों से माहौल पूरी तरह खेलमय बना रहा।।

