बंगाली समाज की चार प्रमुख मांगों को लेकर रुद्रपुर में महारैली, हजारों लोग हुए शामिल एक माह में समाधान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठने पर सचिवालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी
बंगाली समाज की चार प्रमुख मांगों को लेकर रुद्रपुर में महारैली, हजारों लोग हुए शामिल
एक माह में समाधान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठने पर सचिवालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। बंगाली समाज की वर्षों से लंबित चार प्रमुख मांगों के समाधान की मांग को लेकर रविवार को बंगाली कल्याण समिति के आह्वान पर रुद्रपुर में विशाल महारैली निकाली गई। महारैली में हजारों की संख्या में महिला, पुरुष, युवा एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए। समिति के अनुसार, समाज की समस्याओं के समाधान के लिए पिछले 74 वर्षों से संघर्ष किया जा रहा है।
महारैली का संचालन शिक्षक शिव पद सरकार एवं प्रताप पत्ता ने किया। वक्ता समीर राय ने बंगाली कल्याण समिति की स्थापना और उसके संघर्षपूर्ण इतिहास पर प्रकाश डाला। महारैली के संयोजक परिमल राय ने समाज की चार प्रमुख मांगों को विस्तार से रखते हुए कहा कि इनके समाधान के लिए बंगाली समाज लंबे समय से लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाता आ रहा है।
एडवोकेट शंकर चक्रवर्ती ने बांग्ला भाषा में संबोधित करते हुए महारैली के महत्व और समाज की एकजुटता पर विचार रखे। दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता ने समाज की मांगों को सरकार के समक्ष मजबूती से रखने का आश्वासन दिया। वहीं नवनियुक्त दर्जा राज्य मंत्री संजय बाछाड़ ने भी कहा कि वह अपने कार्यकाल में बंगाली समाज की मांगों को सरकार के समक्ष रखने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
महारैली को चंद्रशेखर गांगुली, तारक बाछाड़, एडवोकेट जीवन राय, पूर्व विधायक प्रेमानंद महाजन, बीकेयूएस अध्यक्ष रवि सरकार, छात्र संघ अध्यक्ष विशाल मंडल, रामचंद्र राय और केपी मंडल सहित करीब 20 से 30 वक्ताओं ने संबोधित किया।
सभा के अंत में बंगाली कल्याण समिति के अध्यक्ष दिलीप अधिकारी ने कहा कि यदि एक माह के भीतर समाज की चारों प्रमुख मांगों के समाधान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो समिति अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि यह धरना देहरादून स्थित सचिवालय के समक्ष किया जाएगा।
इसके बाद हजारों लोगों का जनसमूह रैली के रूप में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा, जहां समिति की ओर से मांगों से संबंधित ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि एवं मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) को सौंपा गया। सीडीओ ने ज्ञापन को तत्काल मुख्यमंत्री कार्यालय भेजने का आश्वासन दिया।
महारैली में समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आलोक राय, संजय आईच, अर्जुन विश्वास, महताप राय, नरेश साना, डॉ. सुनील हालदार, शुभम दास, एडवोकेट शुभम मंडल, मानवेंद्र राय, प्रदेश मीडिया प्रभारी सत्यजीत सरकार, विकास विश्वास, मानस बैरागी, हरिदास मंडल सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।
महारैली में महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। आयोजकों ने कहा कि विशाल जनसमूह की मौजूदगी ने बंगाली समाज की एकजुटता और अपनी मांगों के प्रति प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम का समापन शांतिपूर्ण ढंग से हुआ। समिति ने कहा कि मांगों के समाधान के लिए लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।।

