Monday, September 21, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

मजबूत एम-पैक्स से गांव और मजबूत गांवों से बनेगा समृद्ध उत्तराखंड: मुख्यमंत्री धामी पंतनगर में तीन दिवसीय सहकारिता नेतृत्व प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ, किसानों, युवाओं और मातृशक्ति को सहकारिता से जोड़ने पर जोर

मजबूत एम-पैक्स से गांव और मजबूत गांवों से बनेगा समृद्ध उत्तराखंड: मुख्यमंत्री धामी
पंतनगर में तीन दिवसीय सहकारिता नेतृत्व प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ, किसानों, युवाओं और मातृशक्ति को सहकारिता से जोड़ने पर जोरसौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

पंतनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मजबूत नेतृत्व से एम-पैक्स मजबूत होंगे, मजबूत एम-पैक्स से गांव मजबूत होंगे और मजबूत गांवों से समृद्ध उत्तराखंड का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि सहकारिता ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही पलायन रोकने, पर्वतीय कृषि को बढ़ावा देने और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है मुख्यमंत्री सोमवार को मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल माध्यम से गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में सहकार भारती उत्तराखंड द्वारा आयोजित श्री लक्ष्मणराव इनामदार द्वितीय सहकारिता नेतृत्व प्रशिक्षण वर्ग के शुभारंभ सत्र को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने सहकार भारती के संस्थापक श्रद्धेय लक्ष्मणराव इनामदार की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि सहकारिता को सशक्त बनाने की दिशा में ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि नेतृत्व प्रशिक्षण केवल जानकारी बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नेतृत्व को नई सोच, कार्यदृष्टि और दिशा प्रदान करने का माध्यम भी है।
उन्होंने कहा कि पंतनगर की ज्ञानभूमि से सहकारिता को नई दिशा देने वाली कई महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई हैं। सहकार ग्रंथ के लोकार्पण, देवभूमि सारथी राज्य सहकारी संघ की पहल, सहकारिता के क्षेत्र में नए पाठ्यक्रम की शुरुआत, युवाओं को जोड़ने के लिए सोशल मीडिया रील्स अभियान तथा एम-पैक्स नेतृत्व प्रशिक्षण जैसी पहलें सहकारिता क्षेत्र को नई ऊर्जा देंगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को ‘सहकार से समृद्धि’ की दिशा में तेजी से आगे बढ़ाना है। पैक्स सहकारिता व्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं और बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप इन्हें एम-पैक्स के रूप में अधिक सक्षम एवं प्रभावी बनाया जा रहा है। एम-पैक्स के माध्यम से किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, युवाओं के लिए अवसर पैदा करने और ग्रामीण क्षेत्रों को आर्थिक रूप से मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि किसानों, युवाओं और मातृशक्ति को सहकारिता से जोड़ना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सहकारिता को केवल समितियों तक सीमित न रखकर इसे जनभागीदारी और आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, ताकि इसका लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण में प्रतिभाग कर रहे प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में सहकारिता की भावना को मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का आह्वान किया इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने भी वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि सहकार भारती किसानों के लिए समर्पित संगठन है और इसका उद्देश्य सहकारिता को जन-जन तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम के दौरान तीन दिवसीय एम-पैक्स नेतृत्व प्रशिक्षण का अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर ‘सहकार ग्रन्थम्’ स्मारिका और सोशल मीडिया रील का विमोचन, देवभूमि सारथी राज्य सहकारी संघ लिमिटेड का अनावरण तथा नई सहकारिता नीति का लोकार्पण भी किया गया।

कार्यक्रम में गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय पंतनगर के कुलपति शिवेन्द्र कुमार कश्यप, सचिव सहकारिता डॉ. अहमद इकबाल, सहकार भारती के राष्ट्रीय महासचिव दीपक चौरसिया, प्रदेश अध्यक्ष विनोद कुमार गौड़, संगठन मंत्री मणिराम नौटियाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष सुधीर कुमार जोशी सहित डॉ. बृजेश, डॉ. दिनेश कुमार सिंह एवं अन्य लोग मौजूद रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button