किच्छा नगर निकाय चुनाव की तैयारियां पूरी, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था पर डीएम की पैनी नजर डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने नवीन फल मंडी स्थित स्ट्रांग रूम का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
किच्छा नगर निकाय चुनाव की तैयारियां पूरी, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था पर डीएम की पैनी नजर
डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने नवीन फल मंडी स्थित स्ट्रांग रूम का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
किच्छा, 21 सितंबर। किच्छा नगर निकाय चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चुनाव प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने नवीन फल मंडी किच्छा में बनाए गए स्ट्रांग रूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्ट्रांग रूम परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों तथा अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से सुरक्षा इंतजामों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। मतदान सामग्री एवं मतपेटियों की सुरक्षित प्राप्ति और रखरखाव के लिए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने मतदान पार्टियों द्वारा मतपेटियों को जमा किए जाने के लिए लगाए गए टेबल के आसपास सुरक्षा के दृष्टिगत अतिरिक्त बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान पार्टियों के आवागमन तथा मतपेटियों की प्राप्ति के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पर्याप्त व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने स्ट्रांग रूम परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के लिए हाईमास्ट लाइट लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर के बाहर आने वाले वाहनों की पार्किंग के लिए भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि मतदान सामग्री जमा करने के दौरान कर्मचारियों एवं अन्य संबंधित लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि चुनाव से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा कर लिया जाए और सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ मतदान सामग्री की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने स्ट्रांग रूम एवं उसके आसपास की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी बनाए रखने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी अजय गणपति, आरओ हिमांशु फलटिया, एसडीएम गौरव पांडेय, सहायक निदेशक मत्स्य संजय छिमवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।।

