6 हजार किलो लहन नष्ट, 140 लीटर कच्ची शराब बरामद; आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। आबकारी आयुक्त एवं जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर के आदेश पर जिला आबकारी अधिकारी के निर्देशन में आबकारी निरीक्षक सोनू सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने ग्राम बिंदुखेड़ा, रायपुर क्षेत्र में छापेमारी की।
प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई कार्रवाई में क्षेत्र-01 रुद्रपुर, क्षेत्र-02 खटीमा तथा देहरादून मुख्यालय की संयुक्त आबकारी टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कार्रवाई के दौरान चार जलती हुई कच्ची शराब की भट्टियां पकड़ीं। मौके पर करीब 6,000 किलोग्राम लहन तथा कच्ची शराब तैयार करने के उपकरणों को नष्ट किया गया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से करीब 140 लीटर कच्ची शराब भी बरामद की। बरामद शराब को कब्जे में लेते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान रुद्रपुर क्षेत्र-01, खटीमा क्षेत्र-02 तथा देहरादून मुख्यालय का आबकारी स्टाफ मौजूद रहा।।

