प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर सीएमओ डॉ. संजीव गोस्वामी और प्राचार्य डॉ. सी.पी. भैंसोड़ा ने स्वयं रक्तदान कर किया प्रेरित, 15 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत पंडित राम सुमेर राजकीय मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर के तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन जवाहरलाल नेहरू जिला चिकित्सालय के रक्त केंद्र के सहयोग से किया गया।
शिविर का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव गोस्वामी एवं मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सी.पी. भैंसोड़ा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। शुभारंभ के बाद दोनों अधिकारियों ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
शिविर में कुल 15 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्तदान की प्रक्रिया चिकित्सकीय देखरेख में संपन्न कराई गई। इस दौरान रक्तदाताओं को रक्तदान के महत्व तथा इसके सामाजिक एवं मानवीय योगदान के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर सीएमओ डॉ. संजीव गोस्वामी ने कहा कि रक्तदान एक महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा है। स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है। गंभीर बीमारी, प्रसव सहित विभिन्न चिकित्सीय परिस्थितियों में रक्त की आवश्यकता पड़ने पर स्वैच्छिक रक्तदान से उपलब्ध रक्त मरीजों के उपचार में उपयोगी होता है।
शिविर के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं के साथ सामाजिक सहभागिता और मानव सेवा का संदेश दिया गया। आयोजकों ने लोगों से स्वस्थ होने की स्थिति में नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने के लिए आगे आने की अपील की।।

