विश्वकर्मा जयंती पर पुलिस लाइन में गूंजे मंत्र, एसएसपी अजय गणपति ने की विधिवत पूजा
विश्वकर्मा जयंती पर पुलिस लाइन में गूंजे मंत्र, एसएसपी अजय गणपति ने की विधिवत पूजा
शस्त्रों, आधुनिक उपकरणों, वायरलेस सेट व सरकारी वाहनों का हुआ पूजन; श्रम, कौशल और कर्तव्यनिष्ठा का दिया संदेश
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। यंत्रों, निर्माण और शिल्प के अधिष्ठाता भगवान विश्वकर्मा की जयंती के अवसर पर गुरुवार को पुलिस लाइन रुद्रपुर में श्रद्धा और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। एसएसपी अजय गणपति ने भगवान विश्वकर्मा का पूजन कर पुलिसिंग में प्रयुक्त होने वाले आधुनिक तकनीकी उपकरणों, शस्त्रों, वायरलेस सेट एवं सरकारी वाहनों की आरती उतारी और उनके सुचारु संचालन एवं जनसेवा में सफलता की कामना की।
विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर फायर स्टेशन, परिवहन एवं संचार शाखा सहित जनपद ऊधम सिंह नगर के विभिन्न पुलिस कार्यालयों तथा समस्त थाना-कोतवाली परिसरों में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रद्धापूर्वक भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की। इस दौरान शस्त्रों, औजारों, मशीनों और दैनिक पुलिसिंग में उपयोग होने वाले उपकरणों का विधिवत पूजन किया गया।
इस अवसर पर एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, कौशल, श्रम और कर्म के प्रतीक हैं। विश्वकर्मा जयंती हमें अपने हुनर, तकनीकी दक्षता और रचनात्मकता का सम्मान करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि कारीगर और शिल्पकार अपनी मेहनत, लगन एवं समर्पण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
एसएसपी ने समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कर्तव्यनिष्ठा, तकनीकी दक्षता और समर्पण के साथ जनसेवा करने के लिए प्रेरित किया।।

