काशीपुर में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, ग्लैक्सी हॉस्पिटल का पंजीकरण निरस्त ऑपरेशन थिएटर सील, अग्रिम आदेशों तक अस्पताल बंद रखने के निर्देश; चार अस्पतालों को नोटिस, दो का चालान
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
काशीपुर। स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को काशीपुर क्षेत्र में निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊधम सिंह नगर डॉ. एस.के. गोस्वामी के निर्देशन और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एच.सी. पांडे के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र के छह निजी चिकित्सालयों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान ग्लैक्सी हॉस्पिटल, काशीपुर में नियमों के उल्लंघन और अनियमितताएं पाए जाने पर अस्पताल का पंजीकरण प्रमाण-पत्र तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया। साथ ही अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर को सील कर दिया गया और अग्रिम आदेशों तक अस्पताल बंद रखने के निर्देश दिए गए।
विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान चार अन्य अस्पतालों को नोटिस भी जारी किए। इनमें गंगा मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, मस्जिद रोड काशीपुर, डॉ. उस्मान पाइल्स क्लीनिक, नवीन अनाज मंडी रोड सरवरखेड़ा, एसके हॉस्पिटल काशीपुर और अनमोल हॉस्पिटल काशीपुर शामिल हैं। इसके अलावा गुरुकुल हेल्थ केयर, काशीपुर और ग्लैक्सी हॉस्पिटल, काशीपुर का चालान किया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि मरीजों के जीवन से खिलवाड़ और नियमों की अनदेखी करने वाले निजी चिकित्सालयों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग की कार्रवाई से निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। औचक निरीक्षण की कार्रवाई में स्वास्थ्य विभाग की टीम के गोपाल आर्य, अभिषेक और विजय राठौर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।।

