Monday, September 14, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

रामलीला मंचन और दशहरा मेले की व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखेगा नगर निगम: विकास शर्मा श्रीराम लीला कमेटी ने महापौर से की मुलाकात, गांधी पार्क में दशहरा मेले के आयोजन को लेकर सौंपा ज्ञापन

रामलीला मंचन और दशहरा मेले की व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखेगा नगर निगम: विकास शर्मा

श्रीराम लीला कमेटी ने महापौर से की मुलाकात, गांधी पार्क में दशहरा मेले के आयोजन को लेकर सौंपा ज्ञापनसौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। शहर की ऐतिहासिक श्रीराम लीला और आगामी दशहरा मेले को भव्य एवं व्यवस्थित बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। श्रीराम लीला कमेटी के पदाधिकारियों ने महापौर विकास शर्मा से उनके कैंप कार्यालय में मुलाकात कर रामलीला मंचन और विजयादशमी मेले की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। कमेटी ने गांधी पार्क को दशहरा मेले के लिए उपलब्ध कराने सहित सफाई, पेयजल, प्रकाश और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने की मांग रखी।

कमेटी पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष भी रोडवेज स्टेशन के सामने स्थित रामलीला मैदान में श्रीराम लीला का भव्य मंचन किया जाएगा। इसके बाद 20 अक्टूबर 2026, मंगलवार को विजयादशमी के अवसर पर गांधी पार्क में शाम चार बजे से दशहरा उत्सव आयोजित होगा। इस दौरान बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा।

आयोजन की तैयारियों के लिए कमेटी ने 15 से 21 अक्टूबर तक गांधी पार्क निशुल्क उपलब्ध कराने का आग्रह किया। साथ ही पार्क में पेयजल, सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने, खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने तथा पार्क के बाहर सड़क के दोनों ओर चूने से लाइनिंग कराने की मांग की।महापौर विकास शर्मा ने कहा कि गांधी पार्क में वर्तमान में सौंदर्यीकरण का कार्य चल रहा है, लेकिन दशहरा मेले को देखते हुए 15 अक्टूबर तक पार्क को आयोजन के लिए खाली करा लिया जाएगा। उन्होंने कार्यदायी संस्था के ठेकेदार से दूरभाष पर वार्ता कर निर्धारित समय तक पार्क खाली करने के निर्देश भी दिए।

महापौर ने कहा कि रामलीला और दशहरा हमारी सनातन संस्कृति, आस्था और परंपराओं के महत्वपूर्ण पर्व हैं। नगर निगम की ओर से आयोजन में सफाई, प्रकाश, पेयजल समेत आवश्यक व्यवस्थाओं में हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन की सफलता के लिए व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर कमी नहीं रहने दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि रामलीला भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, सत्य और धर्म का संदेश नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। वहीं विजयादशमी समाज को यह संदेश देती है कि असत्य और अधर्म कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंततः विजय सत्य और धर्म की ही होती है।

महापौर ने कहा कि आगामी त्योहारों को देखते हुए नगर निगम शहर के मंदिरों और प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाएगा। साथ ही प्रकाश व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जाएगा, ताकि पर्वों के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस दौरान श्रीराम लीला कमेटी के अध्यक्ष मनोज गाबा, महामंत्री सुशील गाबा, कोषाध्यक्ष सीए अमित गंभीर, समन्वयक राजेश छाबड़ा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश शर्मा, उपाध्यक्ष देवी शंकर अग्रवाल, विजय अरोरा, हरीश अरोरा, महावीर आजाद, सचिव अमित अरोरा बॉबी, राकेश सुखीजा, अशोक गुम्बर, डायरेक्टर सुभाष खंडेलवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button