ऑपरेशन प्रहार में ट्रांजिट कैंप पुलिस की दोहरी कार्रवाई, मोबाइल झपटने वाले दो गिरफ्तार; शराबी हंगामा करने वाला भी दबोचा
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत ट्रांजिट कैंप पुलिस ने रविवार को दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए मोबाइल फोन छिनैती करने वाले दो आरोपियों को पांच मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त बाइक समेत गिरफ्तार किया, जबकि शराब के नशे में राहगीरों से गाली-गलौज और अभद्रता कर रहे एक व्यक्ति को भी शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार किया गया।
मोबाइल छिनैती का खुलासा, पांच फोन और बाइक बरामद
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर को राजेन्द्र निषाद उर्फ मोनू निवासी ट्रांजिट कैंप ने तहरीर देकर बताया था कि वह सिडकुल ढाल, परशुराम चौक के पास मोबाइल पर बात करते हुए जा रहा था। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। मामले में ट्रांजिट कैंप कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक जितेन्द्र खत्री को सौंपी गई थी पुलिस टीम ने सुरागरसी और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। 13 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस को गंगापुर रोड स्थित पानी वाली मंदिर के आसपास दो संदिग्ध युवक बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक पर घूमते दिखाई दिए। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ और तलाशी में रामकिशन उर्फ रामू के कब्जे से एक ओप्पो मोबाइल बरामद हुआ। मोबाइल के आईएमईआई का मिलान करने पर वह छिनैती के मामले में दर्ज मोबाइल ही निकला। वहीं दूसरे आरोपी सागर राजपूत उर्फ खत्री के कब्जे से चार अन्य मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बाइक को भी कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने रामकिशन के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया, जबकि सागर राजपूत के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी:
सागर राजपूत उर्फ खत्री, उम्र 19 वर्ष, निवासी जनपद रोड, महालक्ष्मी फेस-2, ट्रांजिट कैंप, मूल निवासी भवानीगंज, रामनगर।
रामकिशन उर्फ रामू, उम्र 19 वर्ष, निवासी संजयनगर खेड़ा, ट्रांजिट कैंप, मूल निवासी बंडिया क्षेत्र।
शराब के नशे में हंगामा कर रहा व्यक्ति गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई में पुलिस को सूचना मिली कि होली चौक, आवास विकास के पास एक व्यक्ति शराब के नशे में आने-जाने वाले लोगों से झगड़ा और अभद्र व्यवहार कर रहा है। सूचना पर उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
मौके पर काफी भीड़ जमा थी। पुलिस ने एक व्यक्ति को जोर-जोर से चिल्लाते हुए गाली-गलौज और धमकी देते हुए पाया। पूछताछ में उसने अपना नाम बाबूराम पुत्र कोमल प्रसाद, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम जोखनपुर, थाना बहेड़ी, जिला बरेली, हाल निवासी जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप बताया पुलिस के अनुसार, समझाने-बुझाने के बावजूद बाबूराम फौजदारी और हाथापाई पर उतारू हो रहा था। शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी गंभीर घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का चालान संबंधित धाराओं में कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
मोबाइल बरामदगी टीम में ये रहे शामिल
निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी, प्रभारी निरीक्षक ट्रांजिट कैंप, व0उ0नि0 मुकेश मिश्रा, उ0नि0 जितेन्द्र खत्री, अपर उ0नि0 चंद्र प्रकाश बवाड़ी, हे0कानि0 अनिल कुमार और कानि0 हिमांशु सहित पुलिस टीम ने कार्रवाई की वहीं शांति भंग के मामले में कार्रवाई करने वाली टीम में उ0नि0 प्रकाश चंद्र, कानि0 चंदन सिंह और कानि0 दिनेश धपोला शामिल रहे।।

