नशे के दुष्परिणामों के प्रति छात्राओं को किया जागरूक राजकीय बालिका इंटर कॉलेज नैनीताल में नशा-मुक्ति जागरूकता एवं संवेदीकरण कार्यक्रम आयोजित
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
नैनीताल। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, नैनीताल में विद्यालयी स्तर पर नशा-मुक्ति जागरूकता एवं संवेदीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. आर.एस. टोलिया उत्तराखण्ड प्रशासन अकादमी, नैनीताल एवं राष्ट्रीय सामाजिक रक्षा संस्थान (एनआईएसडी), सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम श्री बी. पाण्डेय, महानिदेशक, डॉ. आर.एस. टोलिया उत्तराखण्ड प्रशासन अकादमी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के दुरुपयोग से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के साथ ही नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में पाठ्यक्रम निदेशक सुश्री रागिनी तिवारी ने कार्यक्रम के उद्देश्यों तथा अकादमी के सीजीजी द्वारा एनआईएसडी के सहयोग से किए जा रहे नशा-निवारण संबंधी प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को सीओटीपीए अधिनियम, 2003 के प्रमुख प्रावधानों से भी अवगत कराया।
कुमाऊं विश्वविद्यालय की सहायक प्राध्यापक डॉ. किरण तिवारी ने नशे की रोकथाम में विद्यालयों की भूमिका, मादक पदार्थों के दुरुपयोग, साथियों के दबाव तथा मानसिक स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर छात्राओं को जागरूक किया कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने नशे से दूर रहने तथा नशा-मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।।

