Friday, September 4, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

अस्पताल में अचानक पहुंचे CMO, मरीजों से लिया इलाज का फीडबैक इमरजेंसी, वार्ड, ICU और NICU का किया निरीक्षण; शौचालयों की सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

काशीपुर। एल.डी. भट्ट उप जिला चिकित्सालय में गुरुवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) ऊधमसिंह नगर डॉ. संजीव गोस्वामी ने औचक निरीक्षण किया। अचानक हुए निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में हलचल रही। CMO ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया और मरीजों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपचार की स्थिति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान डॉ. गोस्वामी ने आपातकालीन कक्ष (इमरजेंसी), सामान्य वार्ड, गहन चिकित्सा कक्ष (ICU) और नवजात शिशु गहन चिकित्सा कक्ष (NICU) का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उपचार, स्वास्थ्य सुविधाओं और अस्पताल में उपलब्ध व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया।

सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर

CMO ने अस्पताल परिसर और वार्डों के साथ विशेष रूप से शौचालयों की साफ-सफाई व्यवस्था को गंभीरता से लिया। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संदीप दीक्षित को सफाई व्यवस्था में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि मरीजों और उनके तीमारदारों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

दवा और इलाज में लापरवाही न हो

CMO ने CMS को निर्देशित किया कि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी आवश्यक दवाइयां और उपचार समय पर उपलब्ध कराए जाएं। अस्पताल की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करते हुए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

डॉ. संजीव गोस्वामी का औचक निरीक्षण ऐसे समय में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जब अस्पतालों में मरीजों को बेहतर सुविधाएं और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने पर स्वास्थ्य विभाग का जोर है।।

error: Content is protected !!
Call Now Button