सड़क पर ‘शिकंजा’ कसने की तैयारी, नो हेलमेट तो नो पेट्रोल 12 स्थानों पर लगेंगे कैमरे, 40 ब्लैक स्पॉट में 38 सुधरे; अवैध कट और अतिक्रमण पर भी कार्रवाई के निर्देश
सड़क पर ‘शिकंजा’ कसने की तैयारी, नो हेलमेट तो नो पेट्रोल
12 स्थानों पर लगेंगे कैमरे, 40 ब्लैक स्पॉट में 38 सुधरे; अवैध कट और अतिक्रमण पर भी कार्रवाई के निर्देश
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। सड़क हादसों पर लगाम कसने के लिए प्रशासन ने अब सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाया है। जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में नो हेलमेट-नो पेट्रोल नियम को जिलेभर में सख्ती से लागू कराने के साथ ही 12 चिन्हित स्थानों पर कैमरे लगाने और 30 अन्य स्थानों पर एनओसी लेकर निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय राजमार्गों पर हादसों की वजह बन रहे अनधिकृत कट बंद किए जाएंगे, जबकि सर्विस लेन पर कब्जा जमाने वाले अतिक्रमणकारियों और अवैध रूप से वाहन खड़े करने वालों को नोटिस जारी किए जाएंगे।
बुधवार को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में एडीएम कौस्तुभ मिश्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बरसात के बाद सड़कों के गड्ढों का चिन्हीकरण कर उन्हें समयबद्ध तरीके से दुरुस्त कराया जाए। वहीं एनएचएआई के 40 ब्लैक स्पॉट में से 38 का सुधार पूरा होने के बाद शेष दो ब्लैक स्पॉट को भी जल्द दुरुस्त करने को कहा गया।
टोल प्लाजा पर ओवरलोड वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग और एनएचएआई को सख्त चालानी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एडीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी को जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू कराने को कहा।
बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया। प्रशासन ने साफ किया कि हादसों को रोकने के लिए कैमरों की निगरानी, ब्लैक स्पॉट सुधार, अवैध कट बंद करने, अतिक्रमण हटाने और यातायात नियमों के पालन—सभी मोर्चों पर कार्रवाई तेज करनी होगी।।

