Wednesday, September 2, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

मिलक में हत्या के मुकदमे की जांच पर गंभीर सवाल, 10 लाख रुपये लेकर FR लगाने का आरोप

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

मिलक। कोतवाली मिलक क्षेत्र में एक युवक की मौत के मामले की पुलिस जांच को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। मृतक के तहेरे भाई मनप्रीत सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामपुर को प्रार्थना पत्र देकर जांच अधिकारी पर आरोपियों से कथित तौर पर 10 लाख रुपये लेकर मुकदमे में अंतिम रिपोर्ट (FR) लगाने का आरोप लगाया है। पीड़ित का आरोप है कि जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल सुरजीत सिंह की 3 अगस्त 2026 को हल्द्वानी के चंदन हॉस्पिटल में मौत हो गई थी, इसके बावजूद हत्या की धारा बढ़ाने और आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई नहीं की गई।

मनप्रीत सिंह के अनुसार, कोर्ट के आदेश पर 6 अगस्त 2026 को थाना कोतवाली मिलक में मुकदमा दर्ज हुआ था। मामले की विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुरेन्द्र कुमार कर रहे थे। आरोप है कि विवेचना पूरी होने के महज 24 दिन के भीतर अंतिम रिपोर्ट संख्या 72/2026 दाखिल कर दी गई।

पीड़ित ने आरोप लगाया है कि विवेचना के दौरान गवाहों और चिकित्सकों के कथित तौर पर गलत बयान दर्ज कराकर आरोपियों को लाभ पहुंचाया गया। उन्होंने पुलिस जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए एसपी रामपुर से अंतिम रिपोर्ट निरस्त कर मामले की पुनः निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों की गिरफ्तारी तथा जांच अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग की है।

हालांकि, लगाए गए 10 लाख रुपये लेने समेत अन्य आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले में पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद तस्वीर और स्पष्ट होगी।।

error: Content is protected !!
Call Now Button