55.52 करोड़ के साइंस सेंटर की रफ्तार पर डीएम की नजर निर्माणाधीन परिसर का किया निरीक्षण, काम में तेजी लाने के साथ तय समय में प्रोजेक्ट पूरा करने के निर्देश
55.52 करोड़ के साइंस सेंटर की रफ्तार पर डीएम की नजर
निर्माणाधीन परिसर का किया निरीक्षण, काम में तेजी लाने के साथ तय समय में प्रोजेक्ट पूरा करने के निर्देश
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
चम्पावत। जिला मुख्यालय में करीब 55.52 करोड़ रुपये की लागत से आकार ले रहे अत्याधुनिक साइंस सेंटर के निर्माण को लेकर प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। रविवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने निर्माणाधीन साइंस सेंटर का स्थलीय निरीक्षण कर काम की प्रगति, निर्माण की गुणवत्ता, श्रमिकों की उपलब्धता और निर्माण सामग्री समेत जरूरी संसाधनों का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने फन साइंस गैलरी, विज्ञान एवं कृषि गैलरी, एस्ट्रोनॉमी गैलरी, प्रदर्शनी कक्ष, प्रशिक्षण हॉल, दो मंजिला साइंस गैलरी ब्लॉक और चार मंजिला साइंस कैंपस का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर चल रहे प्रत्येक कार्य की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों से परियोजना की मौजूदा स्थिति के साथ ही आगामी कार्ययोजना भी पूछी।
डीएम ने कहा कि निर्माण कार्य के लिए पर्याप्त श्रमिकों की तैनाती सुनिश्चित की जाए और सामग्री व संसाधनों की उपलब्धता में किसी तरह की कमी न आने दी जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और प्रगति की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्माण की रफ्तार बढ़ाने के साथ गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। सभी निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी और सुरक्षा मानकों के अनुरूप कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कार्यदायी संस्था और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट कार्ययोजना के साथ काम करते हुए परियोजना को समय पर पूरा करने को कहा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की परिकल्पना के अनुरूप बन रहा यह साइंस सेंटर तैयार होने के बाद जनपद के विद्यार्थियों और विज्ञान में रुचि रखने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होगा।।

