ऊधम सिंह नगर

सीएमओ ने नागरिक चिकित्सालय खटीमा का किया औचक निरीक्षण, मरीजों से जाना स्वास्थ्य सेवाओं का हाल

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

खटीमा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार गोस्वामी ने शुक्रवार को नागरिक चिकित्सालय खटीमा का निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों को मिल रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर वहां भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत की और अस्पताल में मिल रही चिकित्सा सुविधाओं को लेकर उनका फीडबैक लिया मरीजों ने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान नागरिक चिकित्सालय के गायनी वार्ड में सात मरीज भर्ती पाए गए, जबकि जनरल वार्ड में पांच मरीज उपचाराधीन मिले। इसके अलावा इमरजेंसी में दो मरीजों को ऑब्जर्वेशन में रखा गया था। सीएमओ ने मरीजों से उपचार, चिकित्सकों की उपलब्धता, दवाओं और अस्पताल में मिलने वाली अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मरीजों से मिले फीडबैक को उन्होंने संतोषजनक बताया।

सीएमओ ने अस्पताल परिसर और विभिन्न वार्डों में सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय की सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। उन्होंने अस्पताल प्रशासन और स्टाफ को निर्देश दिए कि मरीजों को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही अस्पताल में स्वच्छता व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाए रखा जाए।

उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। मरीजों को आवश्यक उपचार और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार बनाए रखने तथा उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान मौके पर बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आरडी भट्ट, वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुरेश अरोरा समेत चिकित्सालय का स्टाफ मौजूद रहा। सीएमओ ने चिकित्सकों और कर्मचारियों से अस्पताल में मरीजों की संख्या, उपचार व्यवस्था तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीएमओ ने अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा। उन्होंने अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।।

error: Content is protected !!
Call Now Button