ऊधम सिंह नगर

विद्यार्थियों के सपनों से बनेगा विकसित उत्तराखंड: मुख्यमंत्री धामी

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तानरुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को रुद्रपुर स्थित एक निजी विद्यालय में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का विषय ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ रहा, जिसमें मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनके विचार, सुझाव और भविष्य के उत्तराखंड को लेकर उनकी परिकल्पनाएं जानीं मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए कहा कि युवाओं की ऊर्जा, सोच और विकसित उत्तराखंड के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उत्साहवर्धक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भावी पीढ़ी को सशक्त, आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना सरकार की प्राथमिकता है। युवाओं के विचार और सुझाव राज्य के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ युवाओं को रोजगार, कौशल विकास, नवाचार और उद्यमिता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर सरकार विशेष जोर दे रही है। ‘विकसित भारत–विकसित उत्तराखंड’ के संकल्प को साकार करने के लिए शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, कृषि, खेल, तकनीक, नवाचार और कौशल विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों को मजबूत किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा केवल आज की शक्ति नहीं, बल्कि देश और प्रदेश के भविष्य के निर्माता हैं। ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की भागीदारी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पर्यटन, विकास, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा नवाचार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इन क्षेत्रों को गति देने के लिए सरकार द्वारा नई नीतियां लागू की गई हैं। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में युवाओं को प्रोत्साहित करने का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून में देश की पांचवीं सबसे बड़ी साइंस सिटी का निर्माण किया गया है। इसका उद्देश्य प्रदेश के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा देश-दुनिया में नेतृत्व करने के अवसर उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री ने नेतृत्व क्षमता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लीडरशिप केवल राजनीति तक सीमित नहीं है। खेल, चिकित्सा, विज्ञान, मीडिया और उद्योग सहित प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाला व्यक्ति अपने क्षेत्र में नेतृत्वकर्ता होता है। उन्होंने युवाओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प से जुड़कर देश और प्रदेश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया उन्होंने बताया कि ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को प्रदेशभर के विद्यार्थियों का व्यापक समर्थन मिला है। अभियान के तहत 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने निबंध और विचार साझा किए हैं। विद्यार्थियों के विचार उत्तराखंड के विकास, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य को लेकर उनकी सोच और संकल्प को दर्शाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की युवा पीढ़ी राज्य के भविष्य को लेकर सजग और जागरूक है। विद्यार्थियों के सपनों, सुझावों और नवाचारपूर्ण विचारों को विकास की दिशा से जोड़कर एक ऐसा उत्तराखंड बनाया जाएगा, जो सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित हो कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यालय परिसर में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों से भी बातचीत की और उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने विद्यार्थियों से हाथ मिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया तथा सभी को रक्षाबंधन पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के करीब 800 छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक, महापौर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, रामपाल सिंह, दिनेश मानसेरा, उत्तम दत्ता, फरजाना बेगम, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button