सड़क हादसों पर लापरवाही बरतने पर SSP अजय गणपति का सख्त एक्शन, दो चौकी प्रभारी लाइन हाजिर कुण्डा में भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत के बाद कार्रवाई, जनसुरक्षा और जवाबदेही को लेकर एसएसपी ने दिया कड़ा संदेश
सड़क हादसों पर लापरवाही बरतने पर SSP अजय गणपति का सख्त एक्शन, दो चौकी प्रभारी लाइन हाजिर
कुण्डा में भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत के बाद कार्रवाई, जनसुरक्षा और जवाबदेही को लेकर एसएसपी ने दिया कड़ा संदेश
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और प्रभावी चेकिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सख्त रुख अपनाया है। कोतवाली कुण्डा क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत और सात लोगों के घायल होने की घटना के बाद एसएसपी ने चेकिंग व्यवस्था में लापरवाही का संज्ञान लेते हुए दो चौकी प्रभारियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया कार्रवाई के तहत उपनिरीक्षक सौरभ भारती, प्रभारी चौकी शिवराजपुर पट्टी और उपनिरीक्षक मनोज देव, प्रभारी चौकी मंडी को लाइन हाजिर किया गया है। एसएसपी ने इस कार्रवाई के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया है कि सड़क सुरक्षा जैसे गंभीर विषय पर किसी भी स्तर पर लापरवाही को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
जनसुरक्षा को प्राथमिकता, जवाबदेही पर जोर
एसएसपी अजय गणपति का यह कदम पुलिस व्यवस्था में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सड़क हादसों में लोगों की जान बचाना पुलिस प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है। ऐसे में प्रभावी चेकिंग, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और लापरवाही पर जिम्मेदारी तय करने की आवश्यकता है। एसएसपी ने हादसे के बाद त्वरित कार्रवाई कर अधीनस्थ अधिकारियों को अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने का स्पष्ट संदेश दिया है।
सख्त कार्रवाई से पुलिस महकमे में संदेश
एसएसपी अजय गणपति की कार्यशैली में जवाबदेही पर जोर इस कार्रवाई के जरिए सामने आया है। जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में सख्त रुख अपनाने से पुलिसकर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर रहने की सीख मिलती है। अब प्रभावी चेकिंग अभियान चलाने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने की अपेक्षा है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।।
