जनकपुरी की तर्ज पर सजा विधायक शिव अरोरा का आवास, धूमधाम से हुआ श्रीराम-सीता विवाह मुख्य रामलीला की राम बरात का पुष्पवर्षा और फूल-मालाओं से भव्य स्वागत, माता सीता की विदाई के प्रसंग पर भावुक हुए विधायक
जनकपुरी की तर्ज पर सजा विधायक शिव अरोरा का आवास, धूमधाम से हुआ श्रीराम-सीता विवाह
मुख्य रामलीला की राम बरात का पुष्पवर्षा और फूल-मालाओं से भव्य स्वागत, माता सीता की विदाई के प्रसंग पर भावुक हुए विधायक
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। प्रभु श्रीराम की भक्ति, आस्था और सनातन संस्कृति की अनुपम छटा उस समय देखने को मिली, जब मुख्य रामलीला (रजि.) बस स्टैंड से निकली श्रीराम बरात नगर भ्रमण करते हुए एलाइन्स कॉलोनी स्थित विधायक शिव अरोरा के आवास पर पहुंची। विधायक आवास को जनकपुरी की तर्ज पर भव्य रूप से सजाया गया था। यहां घराती की भूमिका निभाते हुए विधायक शिव अरोरा ने राम बरात का पुष्पवर्षा, फूल-मालाओं और शॉल ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान जय श्रीराम के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा।
राम बरात बस स्टैंड से शुरू होकर डीडी चौक, मुख्य बाजार, पांच मंदिर, गल्ला मंडी और गाबा चौक होते हुए एलाइन्स कॉलोनी गेट पहुंची। इसके बाद बरात एलाइन्स चौक से होते हुए विधायक आवास पहुंची। नगर के विभिन्न मार्गों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर बरात का स्वागत किया। पूरे मार्ग में धार्मिक गीतों और जय श्रीराम के उद्घोष से माहौल भक्तिमय बना रहा।
विधायक आवास पर हुआ श्रीराम-सीता विवाह
विधायक आवास पर जनकपुरी की तर्ज पर की गई सजावट ने विवाह समारोह को विशेष स्वरूप प्रदान किया। यहां सुसज्जित मंच पर प्रभु श्रीराम और माता सीता के विवाह का प्रसंग विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। श्रीराम और माता सीता के वरमाला पहनाने के दृश्य पर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। पूरा परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंजने लगा।
विधायक शिव अरोरा ने सपरिवार प्रभु श्रीराम और माता सीता के चरणों में नमन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम की बरात का अपने आवास पर स्वागत करना और विवाह उत्सव में सहभागी बनना उनके लिए सौभाग्य और आनंद का विषय है। भगवान श्रीराम समस्त सनातन समाज के आराध्य हैं। उनका जीवन मर्यादा, त्याग, कर्तव्य, करुणा और आदर्श पारिवारिक मूल्यों की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने के साथ नई पीढ़ी को भारतीय परंपराओं, संस्कारों और मर्यादाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। प्रभु श्रीराम के आदर्श समाज को सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
माता सीता की विदाई के समय भावुक हुए विधायक
श्रीराम-सीता विवाह के बाद माता सीता की विदाई का प्रसंग भी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। घराती की भूमिका निभा रहे विधायक शिव अरोरा विदाई के भावुक दृश्य के दौरान स्वयं भी भावुक नजर आए। इस प्रसंग ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। विवाह के उल्लास के बाद विदाई की बेला ने पूरे वातावरण को भावनात्मक बना दिया।
विधायक आवास पर आयोजित समारोह में विवाह और विदाई की रस्मों के माध्यम से भारतीय संस्कृति में निहित पारिवारिक संबंधों, आत्मीयता, त्याग और परंपराओं का सुंदर चित्रण देखने को मिला। आयोजन में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और धार्मिकजनों की सहभागिता ने सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया।
रामभक्ति के रंग में रंगा रुद्रपुर
राम बरात के नगर भ्रमण से लेकर विधायक आवास पर विवाह और विदाई के प्रसंग तक पूरे आयोजन में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा। जगह-जगह पुष्पवर्षा, श्रद्धालुओं का स्वागत और धार्मिक गीतों की गूंज ने रुद्रपुर को राममय कर दिया विधायक शिव अरोरा ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों, राम बरात में शामिल श्रद्धालुओं और आयोजन से जुड़े सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रभु श्रीराम और माता सीता से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सद्भाव बनाए रखने की कामना की।
इस अवसर पर रामलीला कमेटी से पवन अग्रवाल, सुशील गाबा, अमित गंभीर, पंजाबी महासभा कुमाऊं के अध्यक्ष हरीश जल्होत्रा, राजेश डाबर, राजकुमार चौधरी, उपेंद्र चौधरी, दर्जा मंत्री सुरेश कोली, प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा, पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा, गदरपुर ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, प्रीत ग्रोवर, राजकुमार फुटेला, गुलरभोज चेयरमैन सतीश चुघ, गदरपुर चेयरमैन मनोज गुम्बर, डॉ. सीमा अरोरा, किरण विर्क, अनमोल विर्क, मनोज छाबड़ा, संदीप राव, सुखदेव भल्ला, मिन्नी गुम्बर, अशोक गुम्बर, गुरमीत सिंह, मनीष गगनेजा, पंकज बांगा, विपन जल्होत्रा, हरनाम चौधरी, हरपाल चावला, धीरेश गुप्ता, जगदीश विश्वास, मुकेश पाल, राजेश बजाज, तरुण दत्ता, गुन्नू चौधरी, मनीष अग्रवाल, केके दास, मनोज गाबा, गौरव बेहड़, केवल बत्रा, रवि सिडाना, रोनिक नारंग, विक्की घई, जगदीश टंडन, गजेंद्र संधू सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।।

