खेत में पहुंचकर सीडीओ ने किया धान की क्रॉप कटिंग का शुभारंभ 43.52 वर्गमीटर के प्लॉट में 30.400 किलोग्राम धान की उपज प्राप्त, फसल उत्पादन का आकलन करने में मिलेगी मदद
खेत में पहुंचकर सीडीओ ने किया धान की क्रॉप कटिंग का शुभारंभ
43.52 वर्गमीटर के प्लॉट में 30.400 किलोग्राम धान की उपज प्राप्त, फसल उत्पादन का आकलन करने में मिलेगी मदद
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर में धान की उत्पादकता का आकलन करने और फसल उत्पादन के वास्तविक आंकड़े जुटाने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने सोमवार को खेत में पहुंचकर धान की क्रॉप कटिंग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं धान की फसल काटकर फसल कटाई प्रयोग का शुभारंभ किया।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत फसलों की उपज का अनुमान लगाने के लिए तहसील रुद्रपुर के राजस्व ग्राम कच्ची खमरिया में काश्तकार जमील अहमद के खेत में क्रॉप कटिंग प्रयोग किया गया। निर्धारित प्रक्रिया के तहत 43.52 वर्गमीटर क्षेत्रफल वाले त्रिभुजाकार प्लॉट में धान की कटाई की गई, जिसमें कुल 30.400 किलोग्राम धान की उपज प्राप्त हुई।
मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने बताया कि फसल कटाई प्रयोग के माध्यम से फसलों की वास्तविक उत्पादकता के आंकड़े जुटाए जाते हैं। जनपद से लेकर प्रदेश और देश स्तर तक सरकार द्वारा डिजिटल क्रॉप सर्वे और फसल कटाई प्रयोग कराए जाते हैं। इनसे प्राप्त आंकड़े फसल बीमा योजना के क्रियान्वयन, फसल उत्पादन का आकलन और खाद्य नीति निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि फसलों की उत्पादकता से संबंधित सटीक आंकड़े कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और किसानों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहायक होते हैं। क्रॉप कटिंग के दौरान मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीकेएस यादव, तहसीलदार दिनेश कुटौला, सहायक भूलेख अधिकारी मदन बिष्ट, क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक, राजस्व उपनिरीक्षक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।।
