डॉ. एसके गोस्वामी बने ऊधम सिंह नगर के नए सीएमओ, स्वास्थ्य सुविधाओं को घर-घर पहुंचाना प्राथमिकता
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
डॉ. एसके गोस्वामी ने ऊधम सिंह नगर के नए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) का पदभार ग्रहण कर लिया है। इससे पहले वह जिला चिकित्सालय रुद्रपुर में बाल रोग विशेषज्ञ के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। हाल ही में उनकी तैनाती चंपावत जनपद में थी।
पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. गोस्वामी ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने तथा स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ घर-घर तक पहुंचाने को अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।
कार्यालय के सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समय से कार्यालय पहुंचकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी पूरी निष्ठा और मनोयोग से कार्य करें तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी लाभार्थी को विभागीय कर्मचारियों की कार्यप्रणाली के कारण किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े डॉ. गोस्वामी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं और सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।।

