एआरटीओ की प्रवर्तन कार्रवाई में 913 चालान, 111 वाहन सीज
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ एआरटीओ रुद्रपुर, ऊधमसिंह नगर की ओर से 20 से 23 अगस्त 2026 तक विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न यातायात एवं परिवहन नियमों के उल्लंघन पर कुल 913 चालान किए गए, जबकि 111 वाहनों को सीज किया गया प्रवर्तन कार्रवाई में सबसे अधिक मामले अन्य अपराधों के 490 सामने आए। इसके अलावा बिना फिटनेस वाहन चलाने पर 104, बिना टैक्स 101, बिना ड्राइविंग लाइसेंस 94 और गलत लेन में वाहन चलाने पर 78 चालान किए गए।
मालवाहक वाहनों में ओवरलोडिंग के 62 मामले पकड़े गए, जबकि वाहन से निर्धारित सीमा से बाहर सामान लादने के 59 मामले सामने आए। बिना रिफ्लेक्टिंग टेप के 42, बिना परमिट 36 और वाहन में अनधिकृत अल्टरेशन के 30 मामलों में कार्रवाई की गई।
यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग के 17 मामले पकड़े गए। वहीं मालवाहक वाहनों में किराये या इनाम के लिए यात्रियों को ले जाने के 7 मामलों में भी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाने के 9 मामले पकड़े गए तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर 12 चालान किए गए।
एआरटीओ की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि विभाग की ओर से बिना फिटनेस, बिना लाइसेंस, बिना टैक्स और ओवरलोडिंग जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष निगरानी की जा रही है। विभाग ने वाहन चालकों से यातायात एवं परिवहन नियमों का पालन करने की अपील की है।।

