ऊधमसिंहनगर में यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 3,985 चालान, 134 वाहन सीज
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में ऊधमसिंहनगर पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सप्ताहभर विशेष अभियान चलाया। 8 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक चले अभियान में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों, यातायात पुलिस और सीपीयू ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए 3,985 चालान किए और 134 वाहनों को सीज किया।
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान सबसे अधिक 2,537 चालान अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन में किए गए। इसके अलावा तीन सवारी के 700, मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने पर 214, ओवर स्पीड के 175, रेश/स्टंट ड्राइविंग के 170, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के 38 और ड्रंक ड्राइविंग के 17 चालान किए गए।
कार्रवाई में सितारगंज क्षेत्र सबसे आगे रहा, जहां कुल 507 कार्रवाई की गईं और 17 वाहन सीज किए गए। यातायात पुलिस काशीपुर ने 417, यातायात पुलिस रुद्रपुर ने 413, पंतनगर पुलिस ने 402 और सीपीयू काशीपुर ने 387 कार्रवाई कीं। काशीपुर कोतवाली क्षेत्र में 327 कार्रवाई के साथ सबसे अधिक 24 वाहन सीज किए गए पुलिस की कार्रवाई में जसपुर में 19, खटीमा में 13, कुंडा में 12, यातायात पुलिस रुद्रपुर और सीपीयू रुद्रपुर में सात-सात, आईटीआई में छह तथा किच्छा में छह वाहन सीज किए गए।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने वाहन चालकों से नशे की हालत में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने, ओवर स्पीड और स्टंट ड्राइविंग से बचने तथा नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने देने की अपील की। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।।

