मुख्यमंत्री ने थारू जनजाति समाज से किया संवाद, सुनी समस्याएं और सुझाव
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कैंप कार्यालय खटीमा में आयोजित थारू जनजाति संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान थारू समाज के प्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया और समाज की विभिन्न समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं से उन्हें अवगत कराया।
थारू समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुष्कर सिंह धामी लंबे समय से थारू समाज के सुख-दुख से जुड़े रहे हैं। उन्होंने थारू संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण और समाज के विकास के लिए किए गए कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि थारू समाज के साथ यह संवाद केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरकार और समाज के बीच विश्वास एवं विकास की साझेदारी को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि थारू समाज से उनका जुड़ाव वर्षों पुराना है और खटीमा से उनका आत्मीय संबंध हमेशा बना रहेगा। उन्होंने कहा कि वे समाज की समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं सुनने आए हैं, ताकि सरकारी योजनाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सशक्तिकरण के लिए अभूतपूर्व कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का जनजातीय समाज से होना इस सोच का उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि थारू समाज के बीच आकर उन्हें अपने परिवार से मिलने जैसा सुखद अनुभव हो रहा है। डबल इंजन की सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि जनजातीय समुदाय को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं से जोड़कर उन्हें सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि थारू समाज का प्रत्येक परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े, प्रत्येक युवा आत्मनिर्भर बने और प्रत्येक बेटी शिक्षित एवं सशक्त बने। उन्होंने कहा कि थारू समाज की हर समस्या, हर सुझाव और हर अपेक्षा सरकार की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, थारू राणा परिषद के अध्यक्ष दान सिंह राणा, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र राणा, वरिष्ठ समाजसेवी रमेश राणा, ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष मंजीत सिंह राणा, सभासद दौलत राणा, ग्राम प्रधान शोभा देवी, जिला पंचायत सदस्य मनोज राणा, क्षेत्र पंचायत सदस्य कमलदीप राणा, ग्राम प्रधान मनोज राणा, बार एसोसिएशन अध्यक्ष प्रकाश सिंह राणा, रमेश सिंह राणा, हरीश राणा, आकाश राणा, मंजीत सिंह राणा, गोपाल सिंह राणा, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह किन्ना, रंदीप पोखरिया, भवानी भंडारी सहित जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, एडीएम कौस्तुभ मिश्र एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और थारू समाज के लोग उपस्थित रहे।।

