डीएन मेमोरियल नेशनल पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
डीएन मेमोरियल नेशनल पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। 15 अगस्त 2026 को शास्त्री नगर स्थित डॉक्टर डीएन मेमोरियल नेशनल पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में भारतीय सेना के पूर्व कप्तान श्री एच.एस. बिष्ट मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
मुख्य अतिथि श्री एच.एस. बिष्ट ने छात्र-छात्राओं को स्वतंत्रता दिवस के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना में सेवा के दौरान उन्होंने पूरे समर्पण भाव से देश के प्रति अपना योगदान दिया। इसी प्रकार प्रत्येक नागरिक और विशेषकर विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति समर्पण, निष्ठा और जिम्मेदारी की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र को विकास की दिशा में आगे ले जाने के लिए प्रत्येक नागरिक में देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों की भावना होना आवश्यक है। शिक्षा को राष्ट्र की शक्ति का आधार बताते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही कोई राष्ट्र उन्नति की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकता है। विद्यार्थियों और युवाओं में राष्ट्र के प्रति समर्पण, निष्ठा, भाईचारा तथा देश की एकता और अखंडता की भावना विकसित करना आवश्यक है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने देश की आजादी के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सभी अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने वहां मौजूद सैकड़ों अभिभावकों को भावविभोर कर दिया। अभिभावकों ने बच्चों की प्रतिभा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की जमकर सराहना की।
विद्यालय के संरक्षक देवेंद्र गंगवार ने भी स्वतंत्रता दिवस की महत्ता पर प्रकाश डाला उन्होंने कहा कि आजादी की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब हम राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव से अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। इसी भावना के साथ हम अपनी स्वतंत्रता को अक्षुण्ण रख सकते हैं। संस्था से जुड़े शिक्षाविद डॉ. प्रदीप कुमार ने भी छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यालय की व्यवस्थापिका कुमकुम मिश्रा, हर्ष मिश्रा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, सैकड़ों छात्र-छात्राएं और अभिभावक मौजूद रहे। समारोह देशभक्ति और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ।

