विपिन जलहोत्रा ने शिमला पिस्तौर में ध्वजारोहण कर मनाया स्वतंत्रता दिवस, प्रतिभाशाली बच्चों को किया सम्मानित
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
शिमला पिस्तौर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राम शिमला पिस्तौर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर विपिन जलहोत्रा ने ग्राम शिमला पिस्तौर में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को नमन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासी और बच्चे शामिल हुए।
ध्वजारोहण के बाद आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में गांव के प्रतिभाशाली बच्चों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस अवसर पर विपिन जलहोत्रा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है। हमें उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने के लिए मिलकर काम करना चाहिए। देश का विकास तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करे।
उन्होंने कहा कि बच्चों में देशभक्ति की भावना के साथ-साथ शिक्षा, प्रतिभा और संस्कारों को बढ़ावा देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रतिभाशाली बच्चों का सम्मान उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामवासियों ने भी राष्ट्रहित में अपना योगदान देने और देश की एकता, अखंडता एवं विकास के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन ‘जय हिंद’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष के साथ हुआ।।

