ऊधम सिंह नगर

टनकपुर में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

टनकपुर। गांधी मैदान टनकपुर में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में नगर पालिका परिषद टनकपुर के अध्यक्ष विपिन कुमार (एडवोकेट) ने सभासदगणों की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार ने देश की आजादी के लिए अपना बलिदान देने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने नगर क्षेत्र की विभिन्न योजनाओं को मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत स्वीकृति प्रदान किए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।समारोह के दौरान नगर पालिका परिषद की ओर से तैयार की गई कम्पोस्ट खाद का नगरवासियों को वितरण किया गया। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। मीडिया, जल पुलिस, शिक्षा, चिकित्सा, पर्यावरण संरक्षण, पूर्व सैनिकों और स्वयं सहायता समूहों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों के साथ ही स्कूली बच्चों और सभासदों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री किरण देवी, पूर्व राज्य दर्जा मंत्री शिवराज सिंह कठायत, पूर्व पालिका अध्यक्षा लक्ष्मी पाण्डेय, व्यापार मंडल अध्यक्ष वैभव अग्रवाल, सामाजिक कार्यकर्ता निशा वर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता विनोद प्रकाश सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, पालिका अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

इस दौरान नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल समेत सभासदगण और पालिका के कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम के माहौल में संपन्न हुआ।।

error: Content is protected !!
Call Now Button