80वें स्वतंत्रता दिवस पर एसएसपी अजय गणपति ने किया ध्वजारोहण, शहीदों को किया नमन
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने रिजर्व पुलिस लाइन रुद्रपुर में ध्वजारोहण किया। इस दौरान ‘वंदे मातरम’ और ‘जन गण मन’ की गूंज से पुलिस लाइन देशभक्ति के रंग में रंग गई।
एसएसपी ने अमर शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग व बलिदान को नमन करते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता व सुरक्षा की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प दिलाया।
उन्होंने कहा कि पुलिस का सर्वोच्च दायित्व जनता की सेवा और सुरक्षा सुनिश्चित करना है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना पुलिस की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में सराहनीय सेवाओं के लिए मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक और डीजीपी प्रशस्ति डिस्क प्राप्त करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। वहीं, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत एसएसपी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर जनपद के सभी थानों, चौकियों, कार्यालयों और फायर स्टेशनों में भी ध्वजारोहण किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।।

