Tuesday, September 29, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

स्वतंत्रता दिवस पर शहीदों को नमन, सेनानियों व परिजनों का सम्मान

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान रुद्रपुर। जनपद ऊधमसिंह नगर में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने ध्वजारोहण कर संविधान, जल संचय एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। इसके बाद अधिकारियों के साथ शहीद-ए-आजम उधम सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।कलेक्ट्रेट में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके परिजनों को माला व अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि सेनानियों के सपनों को साकार करने के लिए सभी को देश और समाज के विकास में पूरी जिम्मेदारी से योगदान देना होगा। उन्होंने युवाओं से लक्ष्य निर्धारित कर समाज निर्माण में भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और राज्य आंदोलनकारियों के योगदान पर पुस्तिका प्रकाशित की जाएगी, ताकि युवा पीढ़ी उनके संघर्ष और बलिदान से परिचित हो सके। पर्यावरण एवं खाद्य संरक्षण को भी उन्होंने सामूहिक जिम्मेदारी बताया।

इस अवसर पर खेल विभाग की ओर से क्रॉस कंट्री ओपन रेस आयोजित की गई। बालक वर्ग में पुष्कर चंद्र प्रथम, केवल चम्याल द्वितीय और अमित कुमार तृतीय रहे। बालिका वर्ग में खुशी गोस्वामी प्रथम, गुंजन द्वितीय और गुरप्रीत कौर तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं और नन्हे प्रतिभागियों को ट्रॉफी व ट्रैकसूट देकर सम्मानित किया गया
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्र, एसडीएम मनीष बिष्ट, ओसी हिमांशु कफल्टिया सहित अधिकारी, कर्मचारी एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन मौजूद रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button