Saturday, November 14, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

स्वर्गीय अभिषेक वाल्मीकि की अंतिम यात्रा में महापौर व विधायक ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। गंभीर रूप से घायल अभिषेक वाल्मीकि के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। राममूर्ति मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान अभिषेक को बचाया नहीं जा सका और उन्होंने इस संसार को अलविदा कह दिया। उनके निधन की खबर से परिवार, परिचितों और क्षेत्रवासियों में गहरा दुःख व्याप्त है।

अभिषेक वाल्मीकि की अंतिम यात्रा में महापौर विकास शर्मा और विधायक शिव अरोरा शामिल हुए। महापौर विकास शर्मा ने बरेली से अभिषेक के पार्थिव शरीर को रुद्रपुर स्थित उनके निवास पर लाकर शोकाकुल परिजनों को सौंपा। इसके बाद उन्होंने परिवार के साथ खड़े होकर अभिषेक को कंधा दिया और अपनी संवेदनशील जिम्मेदारी निभाई। विधायक शिव अरोरा ने भी अंतिम यात्रा में शामिल होकर अभिषेक की अर्थी को कंधा दिया और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में वाल्मीकि समाज एवं क्षेत्रवासी शामिल हुए और दिवंगत अभिषेक को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान माहौल बेहद भावुक रहा।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि स्वर्गीय अभिषेक की माता जी नगर निगम रुद्रपुर में कर्मचारी हैं। ऐसे कठिन समय में परिवार के साथ खड़ा होना उनका दायित्व और फर्ज है। अभिषेक के असमय निधन से वह बेहद व्यथित हैं।विधायक शिव अरोरा ने कहा कि एक परिवार के लिए इससे अधिक पीड़ादायक कुछ नहीं हो सकता कि उसने अपना युवा बेटा खो दिया। अभिषेक के निधन से मन बेहद व्यथित है। परिवार के दुःख को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। इस अपार दुःख की घड़ी में वह शोकाकुल परिवार के साथ पूरी संवेदना और मजबूती के साथ खड़े हैं।

महापौर विकास शर्मा और विधायक शिव अरोरा ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल माता जी एवं समस्त परिवारजनों को इस अपार एवं असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।।

error: Content is protected !!
Call Now Button