शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाने को जनसंवाद यात्रा, सरकार की नीतियों के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
अगस्त क्रांति की वर्षगांठ के अवसर पर 9 अगस्त रविवार को उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी (उपपा), भारत की लोक जिम्मेदार पार्टी सहित विभिन्न जन संगठनों की ओर से खटीमा शहीद स्थल से जनसंवाद यात्रा आयोजित की गई। यात्रा के माध्यम से राज्य गठन के 25 वर्ष बाद भी शहीदों के सपनों और राज्य आंदोलन की अवधारणा के अनुरूप उत्तराखंड का विकास नहीं होने पर चिंता जताई गई।
आयोजकों ने कहा कि उत्तराखंड की स्थायी राजधानी गैरसैंण बनाए जाने, मूल निवास की व्यवस्था बहाल करने और सख्त भू-कानून लागू करने जैसे मुद्दे आज भी अधूरे हैं। शिक्षा और चिकित्सा व्यवस्था बदहाल है। बार-बार होने वाले पेपर लीक से नौजवान अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं तथा सम्मानजनक रोजगार के लिए युवाओं को भटकना पड़ रहा है।
जनसंवाद यात्रा में जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक, औद्योगिक इकाइयों में मजदूरों के कथित शोषण, न्यूनतम वेतन नहीं मिलने, किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिलने तथा बढ़ती महंगाई और घटती आमदनी जैसे मुद्दे भी उठाए गए वक्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकारों पर अपनी कथित नाकामियों को छिपाने के लिए धर्म, जाति और क्षेत्रवाद की राजनीति के जरिए समाज को बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सामाजिक संवाद को कमजोर किया जा रहा है और लोगों के बीच नफरत पैदा करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने इसे अंग्रेजों की ‘बांटो और राज करो’ की नीति से जोड़ते हुए जनता से एकजुट होकर जनविरोधी नीतियों का विरोध करने का आह्वान किया।
जनसंवाद यात्रा के माध्यम से विभिन्न जन संगठनों, आम नागरिकों, छात्र-नौजवानों, मजदूरों, किसानों, महिलाओं, सैनिकों और कर्मचारियों से अपील की गई कि वे जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करें यात्रा में उपपा अध्यक्ष प्रभात ध्यानी, उपपा समन्वयक पी.सी. तिवारी, उपपा उपाध्यक्ष नारायण राम, लोक जिम्मेदार पार्टी के महासचिव जे.सी. उप्रेती, डॉ. अशोक (न्याय धर्म पार्टी), दयाल सागर जोशी (लोक जिम्मेदार पार्टी), उपपा के केंद्रीय महासचिव नरेश नौडियाल, उपपा सचिव किरन आर्या, इंकलाबी मजदूर केंद्र के रोहित रोहिल्ला, उपपा के सुनील पर्नवाल (रामनगर), समाजवादी लोकमंच के गिरीश चंद्र आर्या, उपपा रामनगर के आसिफ, कार्लोस के पी.पी. आर्या, महिला एकता मंच की अनिता सैनी, उपपा के जगदीश ममगाईं, दिनेश उपाध्याय, ख्याली सिंह सहित अन्य लोग शामिल रहे।।

