खेल शिक्षा और करियर के नए अवसर देगा उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय 2026-27 से शुरू होंगे खेल विज्ञान, खेल प्रबंधन, खेल पत्रकारिता और कोचिंग के पाठ्यक्रम डीएम मनीष कुमार ने चम्पावत के युवाओं से प्रवेश का लाभ उठाने की अपील की
खेल शिक्षा और करियर के नए अवसर देगा उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय
2026-27 से शुरू होंगे खेल विज्ञान, खेल प्रबंधन, खेल पत्रकारिता और कोचिंग के पाठ्यक्रम
डीएम मनीष कुमार ने चम्पावत के युवाओं से प्रवेश का लाभ उठाने की अपील की
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की पहल के तहत उत्तराखंड में पहली बार उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय की शुरुआत की जा रही है। विश्वविद्यालय के माध्यम से युवाओं को खेल शिक्षा, प्रशिक्षण, खेल प्रबंधन, खेल पत्रकारिता और कोचिंग के क्षेत्र में उच्च स्तरीय शिक्षा के साथ रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 से विश्वविद्यालय में विभिन्न अकादमिक एवं कोचिंग कार्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। इनमें खेल विज्ञान, खेल प्रबंधन, खेल पत्रकारिता तथा खेल कोचिंग से जुड़े पाठ्यक्रम शामिल हैं।
स्नातक स्तर पर बैचलर ऑफ स्पोर्ट्स साइंस (BSS)-ऑनर्स विद रिसर्च, बैचलर ऑफ स्पोर्ट्स मैनेजमेंट (BSM)-ऑनर्स विद रिसर्च तथा बैचलर इन स्पोर्ट्स जर्नलिज्म (BSJ)-ऑनर्स विद रिसर्च संचालित किए जाएंगे। चार वर्षीय इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 10+2 किसी भी स्ट्रीम से उत्तीर्ण होना आवश्यक है। प्रत्येक पाठ्यक्रम में 40 सीटें निर्धारित हैं और शुल्क 28,700 रुपये प्रति सेमेस्टर रहेगा।
इसके अलावा डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स कोचिंग एक वर्षीय पाठ्यक्रम होगा। इसमें स्नातक तथा खेलों में सहभागिता करने वाले अभ्यर्थी प्रवेश ले सकेंगे। प्रत्येक खेल में 20 सीटें निर्धारित हैं और शुल्क 45,100 रुपये प्रतिवर्ष होगा। डिप्लोमा के अंतर्गत बैडमिंटन, हॉकी, ताइक्वांडो, कराटे, तैराकी, बास्केटबॉल और आइस स्पोर्ट्स में कोचिंग की सुविधा उपलब्ध होगी।
स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए हॉस्टल शुल्क 5,500 रुपये प्रति सेमेस्टर, जबकि डिप्लोमा कार्यक्रम के लिए 14,000 रुपये प्रतिवर्ष निर्धारित किया गया है। मेस शुल्क अलग से देय होगा। सभी पाठ्यक्रम हिंदी और अंग्रेजी माध्यम में संचालित होंगे।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने चम्पावत जनपद के युवाओं से क्रीड़ा विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेकर इन अवसरों का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं के लिए यह विश्वविद्यालय खेल को केवल प्रतिभा तक सीमित न रखकर उसे शिक्षा, प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
उन्होंने युवाओं से अपनी रुचि और योग्यता के अनुरूप पाठ्यक्रम का चयन कर खेल करियर को नई दिशा देने का आह्वान किया।
उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय की यह पहल मुख्यमंत्री के खेल एवं खिलाड़ियों को नई पहचान और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के विजन को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। विश्वविद्यालय से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी, प्रशिक्षक, खेल प्रबंधक और खेल पत्रकार तैयार होने की उम्मीद है।
प्रवेश एवं पाठ्यक्रम संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट UKSSU.in पर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।।

