Tuesday, August 11, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

स्वतंत्रता दिवस पर सरकारी कार्यालयों में सुबह 9 बजे होगा ध्वजारोहण, कलेक्ट्रेट में 9:30 और पुलिस लाइन में 10 बजे फहरेगा तिरंगा

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। स्वतंत्रता दिवस को भव्यता और हर्षोल्लास के साथ मनाने के लिए आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने को लेकर जिला सभागार में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय की अध्यक्षता में बैठक हुई।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर जिले के सभी सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों में सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी द्वारा सुबह 9:30 बजे तथा पुलिस लाइन में सुबह 10 बजे ध्वजारोहण होगा। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। उत्कृष्ट कार्यक्रम प्रस्तुत करने वालों को भी सम्मानित किया जाएगा और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित होंगे।

उन्होंने निर्देश दिए कि 14 और 15 अगस्त की शाम सभी सरकारी एवं ऐतिहासिक भवनों को रोशनी से सजाया जाए। कार्यालय परिसरों और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान एवं पौधारोपण भी कराया जाए।

स्कूलों में होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं

मुख्य शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों में भाषण, पेंटिंग, गोष्ठी, निबंध लेखन, गायन, स्लोगन एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश दिए गए। इन कार्यक्रमों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान और उनके त्याग पर विस्तार से चर्चा करने को कहा गया।

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शहर के प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया जाएगा। जिला क्रीड़ा अधिकारी को क्रॉस कंट्री रेस में अधिक से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

शहर में सफाई और प्रतिमाओं का होगा रंग-रोगन

अपर जिलाधिकारी ने नगर निगम एवं सभी नगर निकायों को सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और पार्कों की विशेष साफ-सफाई कराने तथा महापुरुषों की प्रतिमाओं का रंग-रोगन कराने के निर्देश दिए।

हर घर तिरंगा अभियान में जनभागीदारी पर जोर

उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत तिरंगा यात्रा, तिरंगा संगीत, देशभक्ति गीत, तिरंगा प्रतिज्ञा, स्वच्छता अभियान और ‘एक पेड़ मां के नाम’ पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए। कार्यक्रमों की फोटो, वीडियो क्लिप एवं सेल्फी हर घर तिरंगा वेबसाइट पर अपलोड करने को कहा गया।

अपर जिलाधिकारी ने हर घर तिरंगा अभियान में जनप्रतिनिधियों और आम जनता की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र मिश्रा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी, जिला प्रोवेशन अधिकारी व्योमा जैन, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम सुनील जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं निकाय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े।।

error: Content is protected !!
Call Now Button