रुद्रपुर में स्कूटी को टक्कर मारने के बाद मारपीट, मुख्य आरोपी सन्नी चुघ गिरफ्तार एलायंस कॉलोनी फ्लाईओवर पर हुई थी घटना, गंगापुर रोड से पुलिस ने दबोचा
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। एलायंस कॉलोनी गेट के पास फ्लाईओवर पर स्कूटी को पीछे से टक्कर मारने और उसके बाद मारपीट के मामले में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी सन्नी चुघ को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक, 7 अगस्त की रात अभिषेक और जतिन स्कूटी से घर लौट रहे थे। एलायंस कॉलोनी फ्लाईओवर के पास पीछे से आई स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए। आरोप है कि स्कॉर्पियो चालक सन्नी चुघ ने वाहन से उतरकर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उनके साथ मारपीट की और अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुलाया।
मामले में 8 अगस्त को अंकित की तहरीर पर कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा अपराध संख्या 413/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 11 अगस्त को मुख्य आरोपी सन्नी चुघ (32) निवासी भूरारानी, रुद्रपुर को गंगापुर रोड से गिरफ्तार कर लिया पुलिस आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर रही है। मामले में विवेचना जारी है और साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।।

