लालपुर में ओवरलोड बस पकड़ी, 168 सवारियां मिलीं; बिना टैक्स-परमिट के वाहन सीज
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। संभागीय परिवहन अधिकारी अरविंद पांडेय के निर्देशानुसार एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नवीन सिंह के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने सोमवार देर रात करीब एक बजे लालपुर में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सचल दल प्रभारी एवं परिवहन कर अधिकारी जितेंद्र सिंगवान ने बस संख्या NL02B3020 को रोककर जांच की।
जांच के दौरान बस में 138 बड़ी सवारियां और 30 बच्चे, यानी कुल 168 यात्री सवार पाए गए। जबकि बस का परमिट 30 स्लीपर और एक सीट के लिए था। बस लखीमपुर खीरी से अंबाला, लुधियाना, खन्ना और जालंधर (पंजाब) की ओर जा रही थी परिवहन विभाग की टीम ने बस में ओवरलोडिंग, बिना टैक्स और बिना परमिट संचालन सहित अन्य अभियोगों में चालान की कार्रवाई की। इसके बाद वाहन को रोडवेज स्टेशन रुद्रपुर में सीज कर दिया गया।
यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए सहायक महाप्रबंधक, परिवहन निगम मधुसूदन मिश्रा के सहयोग से वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था कराई गई कार्रवाई में राजीव तिवारी, परिवहन आरक्षी दिनेश सिंह, परिवहन आरक्षी नंद राम तथा सचल दल के चालक शामिल रहे।
ओवरलोड बसों में यात्रा न करने की अपील
परिवहन विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे ओवरलोड बसों में यात्रा न करें। विभाग ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ओवरलोडिंग, बिना परमिट और बिना टैक्स संचालित वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।।

