Friday, August 7, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

कृषि और उद्यान विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया गया AI प्रशिक्षण, सरकारी कार्यों में तकनीक के प्रभावी उपयोग पर जोर

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

कृषि एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के उपयोग को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री जीएस खाती के आदेशों के अनुपालन में परियोजना निदेशक श्री अजय सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में अधिकारियों को कार्यालयी कार्यों से लेकर फील्ड प्रबंधन तक AI के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई।कार्यशाला का उद्देश्य सरकारी कार्यों में आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल को बढ़ावा देना और अधिकारियों-कर्मचारियों की कार्यकुशलता एवं दक्षता में वृद्धि करना था। परियोजना निदेशक श्री अजय सिंह ने कहा कि बदलते दौर में AI प्रशासनिक कार्यों को सरल, त्वरित और प्रभावी बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है। उन्होंने प्रशिक्षण में मिली जानकारी का उपयोग विभागीय कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता बढ़ाने में करने का आह्वान किया।

जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट ने प्रतिभागियों को AI आधारित डिजिटल टूल्स ChatGPT, Google Gemini और NotebookLM की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन टूल्स के माध्यम से कार्यालयी पत्राचार, बैठक कार्यवृत्त, रिपोर्ट तैयार करने, सरकारी आदेशों के विश्लेषण, दस्तावेजों का सार तैयार करने, अनुवाद और प्रस्तुतीकरण जैसे कार्य आसानी से किए जा सकते हैं। साथ ही योजनाओं की मॉनिटरिंग, सूचना संकलन और फील्ड कार्यों में AI के उपयोग के उदाहरण भी दिए गए।

प्रशिक्षण में बताया गया कि AI के जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग से निर्णय प्रक्रिया, अभिलेख प्रबंधन, रिपोर्टिंग और जनसेवा से जुड़े कार्यों को अधिक सटीक एवं प्रभावी बनाया जा सकता है। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को वर्तमान समय की आवश्यकता बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा जताई कार्यशाला में जनपद के विभिन्न विकासखंडों एवं विभागीय कार्यालयों से कुल 35 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी (ग्रामीण विकास) श्री दिनेश दिगारी, मुख्य कृषि अधिकारी श्री धनपत कुमार, कृषि एवं मृदा संरक्षण अधिकारी डॉ. नारायण, जिला उद्यान अधिकारी श्री योगेश भट्ट सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button