खेतखेड़ा गांव को बाढ़ और भू-कटाव से मिलेगी सुरक्षा, मुख्यमंत्री धामी ने 6.82 करोड़ की योजना को दी मंजूरी शारदा नदी के दाहिने तट पर होंगे बाढ़ सुरक्षा एवं तट संरक्षण कार्य, ग्रामीणों और कृषि भूमि को मिलेगा बड़ा लाभ
खेतखेड़ा गांव को बाढ़ और भू-कटाव से मिलेगी सुरक्षा, मुख्यमंत्री धामी ने 6.82 करोड़ की योजना को दी मंजूरी
शारदा नदी के दाहिने तट पर होंगे बाढ़ सुरक्षा एवं तट संरक्षण कार्य, ग्रामीणों और कृषि भूमि को मिलेगा बड़ा लाभ
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
चम्पावत। सीमांत जनपद चम्पावत के टनकपुर क्षेत्र स्थित खेतखेड़ा गांव को शारदा नदी से होने वाले भू-कटाव और बाढ़ के खतरे से सुरक्षित करने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खेतखेड़ा गांव की बाढ़ सुरक्षा योजना को मंजूरी देते हुए इसके लिए 6.82 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। योजना के स्वीकृत होने से लंबे समय से नदी कटाव की समस्या का सामना कर रहे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
स्वीकृत योजना के तहत शारदा नदी के दाहिने तट पर बाढ़ सुरक्षा और तट संरक्षण से संबंधित आवश्यक कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों के माध्यम से नदी के लगातार हो रहे कटाव को नियंत्रित करने के साथ ही खेतखेड़ा गांव की आबादी, कृषि भूमि तथा स्थानीय आधारभूत संरचनाओं को बाढ़ के संभावित खतरे से बचाने का प्रयास किया जाएगा।
शारदा नदी के बढ़ते जलस्तर और कटाव के कारण क्षेत्र में ग्रामीणों की सुरक्षा के साथ-साथ कृषि भूमि पर भी खतरा बना रहता है। ऐसे में बाढ़ सुरक्षा योजना के क्रियान्वयन से ग्रामीणों के जीवन एवं आजीविका पर मंडराने वाले खतरे को कम करने में मदद मिलेगी। वहीं कृषि भूमि के संरक्षण से किसानों को भी दीर्घकालिक लाभ मिलने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने खेतखेड़ा गांव की बाढ़ सुरक्षा योजना को मंजूरी प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह योजना सीमांत क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। बाढ़ सुरक्षा कार्यों के पूर्ण होने से जहां ग्रामीणों को नदी कटाव और बाढ़ के खतरे से राहत मिलेगी, वहीं कृषि भूमि का संरक्षण भी सुनिश्चित हो सकेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनपद चम्पावत में आधारभूत संरचना के विकास, आपदा न्यूनीकरण और जनसुरक्षा से जुड़े कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। खेतखेड़ा बाढ़ सुरक्षा योजना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से खेतखेड़ा गांव और आसपास के क्षेत्र में शारदा नदी के कटाव की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा। इससे ग्रामीणों को सुरक्षित वातावरण मिलने के साथ क्षेत्र के सतत एवं सुरक्षित विकास को भी मजबूती मिलेगी।
ग्रामीणों का कहना है कि शारदा नदी से होने वाले कटाव के कारण लंबे समय से क्षेत्र में चिंता बनी हुई थी। ऐसे में करोड़ों रुपये की बाढ़ सुरक्षा योजना को मंजूरी मिलने से ग्रामीणों में राहत और उम्मीद का माहौल है। योजना के तहत प्रस्तावित कार्य पूरे होने के बाद क्षेत्र में बाढ़ एवं भू-कटाव से होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।।

