Friday, August 7, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

पुलिस मुठभेड़ में लूट, मारपीट और अप्राकृतिक कृत्य का मुख्य आरोपी गिरफ्तार एसएसपी अजय गणपति के सख्त रुख का असर, नानकमत्ता पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोचा आरोपी

पुलिस मुठभेड़ में लूट, मारपीट और अप्राकृतिक कृत्य का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

एसएसपी अजय गणपति के सख्त रुख का असर, नानकमत्ता पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोचा आरोपी

गिरफ्तारी से बचने के लिए बदमाश ने पुलिस टीम पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली — तमंचा, कारतूस, लूटा हुआ पर्स, नकदी और बाइक बरामदसौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नानकमत्ता पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नानकसागर डैम क्षेत्र में एक युवक के साथ लूट, मारपीट और अप्राकृतिक कृत्य की घटना में वांछित चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के कुशल निर्देशन में जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली नानकमत्ता पुलिस द्वारा प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक के नेतृत्व में मुकदमा एफआईआर संख्या 173/2026 में वांछित अभियुक्त गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी, निवासी बेरीघाट, खटीमा की तलाश में लगातार चेकिंग और गश्त की जा रही थी।

पुलिस को देखते ही आरोपी ने की फायरिंग

पुलिस के अनुसार, 06/07 अगस्त 2026 की रात्रि में पुलिस टीम नानकमत्ता क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मच्छी झाला के समीप डैम बंधे पर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन मोटरसाइकिल सवार ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और मौके से भागने लगा।

पुलिस टीम ने आरोपी का पीछा किया। करीब दो किलोमीटर आगे गलाबाग के पास कच्चे रास्ते में पुलिस ने घेराबंदी की। इसी दौरान मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई। आरोपी बाइक छोड़कर पैदल भागने लगा और झाड़ियों की आड़ लेकर पुलिस टीम पर दोबारा फायरिंग करने लगा।

पुलिस के मुताबिक, टीम द्वारा आरोपी को कई बार आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई, लेकिन उसने फायरिंग जारी रखी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में नियमानुसार जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस टीम ने उसे घायल अवस्था में गलबग रोड के कच्चे रास्ते से सुरक्षित गिरफ्तार कर लिया घायल आरोपी को मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया।

पूछताछ में सामने आई लूट और अप्राकृतिक कृत्य की घटना

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने अपने साथी दीपक सिंह निवासी झनकट और मनोज भाटिया निवासी बानूसी के साथ मिलकर 05 अगस्त 2026 को नानकसागर डैम क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट की थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने युवक से उसका पर्स और नकदी लूटने के साथ उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य किया था। घटना के बाद पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए गुरप्रीत लगातार फरार चल रहा था। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी से बचने के उद्देश्य से उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 109(1), 317(2), 3(5) बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। घटना में शामिल अन्य दो आरोपियों दीपक सिंह और मनोज भाटिया को पुलिस द्वारा पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

आरोपी के कब्जे से यह सामान बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा घटना में लूटा गया भूरे रंग का पर्स, भारतीय मुद्रा ₹1,220, नेपाली मुद्रा ₹30, एक एक्सिस बैंक एटीएम कार्ड, मोबाइल खरीद का बिल और पासपोर्ट साइज फोटो भी बरामद किया गया पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

गिरफ्तार आरोपी

गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी पुत्र मंजीत सिंह, निवासी बेरीघाट, कोतवाली खटीमा, जनपद ऊधम सिंह नगर, उम्र करीब 30 वर्ष।

मुठभेड़ में शामिल पुलिस टीम

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक, उप निरीक्षक राजेन्द्र पंत, उप निरीक्षक मनोज जोशी, हेड कांस्टेबल रघुनाथ गोस्वामी, हेड कांस्टेबल अशोक कुमार, कांस्टेबल मोहम्मद इमरान, कांस्टेबल नवीन जोशी तथा चालक कांस्टेबल नरेन्द्र बोरा शामिल रहे पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।।

error: Content is protected !!
Call Now Button