हाईवे चेकिंग में लापरवाही पर एसएसपी अजय गणपति का एक्शन, 9 पुलिसकर्मी निलंबित; 4 से मांगा स्पष्टीकरण
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने देर रात स्वयं हाईवे चेकिंग व्यवस्था का औचक निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी की हकीकत परखी। फायरिंग की सूचना के बाद सक्रिय किए गए चेकिंग प्वाइंटों पर लापरवाही मिलने पर एसएसपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए 9 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया, जबकि 4 पुलिसकर्मियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 4/5 अगस्त 2026 की रात्रि पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि पंतनगर क्षेत्र के पास सफेद रंग की स्कॉर्पियो सवार कुछ युवकों ने एक व्यक्ति पर फायरिंग की है और वाहन काशीपुर की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना पंतनगर सहित रुद्रपुर से जसपुर बॉर्डर तक हाईवे पर सघन चेकिंग और नाकाबंदी के निर्देश जारी किए गए।
इसी दौरान एसएसपी अजय गणपति रात करीब 12 बजे निजी वाहन से स्वयं हाईवे पर स्थापित चेकिंग प्वाइंटों का निरीक्षण करने पहुंच गए। निरीक्षण में महतोष, सरकड़ी तिराहा, दोराहा और परमानंदपुर हाईवे चेकिंग प्वाइंटों पर तैनात कुछ रात्रि अधिकारी, चीता मोबाइल और गश्त पार्टी के पुलिसकर्मी निर्धारित स्थानों से अनुपस्थित मिले।
कुछ पुलिसकर्मियों ने कंट्रोल रूम और वरिष्ठ अधिकारियों को अपनी ड्यूटी लोकेशन भी गलत बताई, जबकि मौके पर वे मौजूद नहीं थे। इसे एसएसपी ने गंभीर अनुशासनहीनता और ड्यूटी में लापरवाही मानते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि पुलिस ड्यूटी में लापरवाही, अनुशासनहीनता और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आमजन की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

