Sunday, September 20, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

मुख्यमंत्री धामी ने त्यौन्दर बाबा मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 20 लाख रुपये किए स्वीकृत, धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

चम्पावत। विधानसभा क्षेत्र लोहाघाट के अंतर्गत स्थित आस्था के प्रमुख केंद्र त्यौन्दर बाबा मंदिर, फोर्ती के सौंदर्यीकरण के लिए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने 20 लाख रुपये की वित्तीय सहायता को स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री की इस घोषणा से मंदिर परिसर का विकास होने के साथ क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

उत्तराखण्ड शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार पर्यटन विभाग को आवश्यक वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृतियां प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि निर्धारित प्रक्रिया के तहत सौंदर्यीकरण कार्य शीघ्र शुरू किया जा सके।

योजना के तहत मंदिर परिसर को अधिक सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा, जिससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही मंदिर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री की इस घोषणा से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की संभावना है। पर्यटकों की संख्या बढ़ने से स्थानीय व्यापार, स्वरोजगार और पर्यटन आधारित आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे, जिससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि शासन स्तर से आवश्यक वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृतियां प्राप्त होते ही निर्धारित मानकों एवं नियमों के अनुसार सौंदर्यीकरण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और त्यौन्दर बाबा मंदिर धार्मिक पर्यटन के प्रमुख स्थलों में और अधिक आकर्षक रूप में विकसित होगा।।

error: Content is protected !!
Call Now Button