ऊधम सिंह नगर

थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी की टीम ने सुलझाई अंधी हत्या, ₹5 हजार की रंजिश में दोस्त ही निकला कातिल

थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी की टीम ने सुलझाई अंधी हत्या, ₹5 हजार की रंजिश में दोस्त ही निकला कातिलसौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस ने 31 जुलाई को शिवनगर स्थित एक निर्माणाधीन मकान के पास मिले युवक के शव की गुत्थी सुलझाते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की हत्या उसके करीबी दोस्त ने ₹5 हजार की चोरी के संदेह में रंजिश रखते हुए की थी
पुलिस के मुताबिक, 31 जुलाई को शिवनगर स्थित एक निर्माणाधीन मकान के पास एक अज्ञात युवक का शव मिला था। शव के सिर और चेहरे पर चोट के निशान मिलने पर पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई स्थानीय लोगों से पूछताछ तथा तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान ठाकुर नगर निवासी 23 वर्षीय अनिल कुमार पुत्र स्वर्गीय सुभाष चंद्र के रूप में हुई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। विवेचना में सामने आया कि घटना वाले दिन अनिल अपने तीन साथियों के साथ शराब पी रहा था। बाद में उसके दो साथी वहां से चले गए, जबकि उसका करीबी मित्र सुनील कुमार उर्फ इक्का उसे शिवनगर स्थित निर्माणाधीन मकान में ले गया। वहां आरोपी ने पहले शराब पिलाई, फिर लकड़ी के फट्टे और ईंट से हमला किया तथा अंत में रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे संदेह था कि अनिल ने उसके ₹5 हजार चोरी कर लिए थे। इसी रंजिश के चलते उसने पूर्व नियोजित षड्यंत्र के तहत हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रस्सी और ईंट का टुकड़ा बरामद कर लिया है। घटनास्थल से जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों को परीक्षण के लिए भेजा गया है।

पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार उर्फ इक्का (24) को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विवेचना जारी है।
हत्याकांड के सफल खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक महेश काण्डपाल, अपर उपनिरीक्षक चंद्र प्रकाश बवाड़ी, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार, कांस्टेबल हिमांशु कुमार तथा पीआरडी वीरू त्रिपाठी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।।

error: Content is protected !!
Call Now Button