रुद्रपुर में बाल संरक्षण व बाल अधिकारों पर जागरूकता अभियान, छात्राओं को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया एवं मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी के निर्देशानुसार बुधवार को सनातन धर्म कन्या इंटर कॉलेज, रुद्रपुर में बाल संरक्षण एवं बाल अधिकारों से संबंधित व्यापक जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति, पुलिस विभाग (एएचटीयू), चिकित्सा विभाग, बाल विकास विभाग तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के प्रतिनिधियों ने छात्राओं को बाल अधिकार, बाल विवाह, बाल श्रम, पोक्सो अधिनियम, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस हेल्पलाइन 112, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 तथा मानव तस्करी की रोकथाम के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने छात्राओं को बताया कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य एवं शिक्षा पर गंभीर और दीर्घकालिक नकारात्मक प्रभाव डालता है। साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार की समस्या, शोषण या आपात स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यालय स्टाफ तथा सभी छात्राएं उपस्थित रहीं। अभियान का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित, जागरूक और सशक्त बनाना तथा बाल संरक्षण से जुड़ी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना था।।

