Monday, August 3, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

पंतनगर में बहुउद्देशीय जनकल्याणकारी शिविर, 1500 लोगों ने उठाया सरकारी योजनाओं का लाभ

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तानपंतनगर। जी.बी. पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में आयोजित बहुउद्देशीय जनकल्याणकारी शिविर में लगभग 1500 लोगों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाया। शिविर में पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं से जोड़ा गया और कई आवश्यक सामग्री का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष माननीय न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायाधीश माननीय न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल तथा विशेष अतिथि के रूप में माननीय न्यायमूर्ति आलोक मेहरा उपस्थित रहे।

उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के श्री प्रदीप मनी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया। केवीएस प्रीमियर फाउंडेशन की ओर से 15 साइकिलें, पांच दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, सार्थक फ्यूचर फाउंडेशन द्वारा एसटीएम स्कूल, बाजपुर को एक कंप्यूटर व एक प्रिंटर तथा न्याय दर्पण सोशल जस्टिस एंड वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को 50 स्टडी टेबल वितरित की गईं। श्रवण एवं वाणी बाधित आठ बच्चों को हियरिंग मशीन भी उपलब्ध कराई गई।

इसके अलावा 10 श्रमिकों को लेबर किट, 11 महिलाओं को महालक्ष्मी किट प्रदान की गई। मातृ एवं शिशु कल्याण कार्यक्रम के तहत चार गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और दो शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। लाभार्थियों को डेटॉल हाइजीन किट तथा नेस्ले इंडिया के सहयोग से बच्चों को पोषण किट भी वितरित की गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के विधिक जागरूकता एवं निःशुल्क विधिक सहायता स्टॉल पर पैरालीगल वालंटियर्स ने लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता, महिला एवं बाल अधिकार, साइबर अपराध, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार और अन्य कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।शिविर में पंचायती राज, होम्योपैथिक, राजस्व, नारी शक्ति, समाज कल्याण, पशुपालन, नागरिक आपूर्ति, मत्स्य, शिक्षा, जनजाति कल्याण, गन्ना विकास सहित विभिन्न विभागों ने सैकड़ों लोगों को लाभान्वित किया। आयुष्मान भारत योजना के तहत 27 लोगों को योजना का लाभ दिया गया, जबकि 115 नए आयुष्मान कार्ड बनाए गए। उपकारागार हल्द्वानी द्वारा भी बंदियों के पुनर्वास एवं विधिक सहायता से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई कार्यक्रम के समापन पर न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी, न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल और न्यायमूर्ति आलोक मेहरा ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण किया तथा लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

शिविर का उद्देश्य विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर आमजन तक पहुंचाना, पात्र लाभार्थियों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराना, विधिक जागरूकता बढ़ाना तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, विभिन्न विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं और पैरालीगल वालंटियर्स के संयुक्त प्रयास से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।।

error: Content is protected !!
Call Now Button