शक्तिफार्म निवासी मां-बेटी की सड़क हादसे में मौत, जल चढ़ाकर लौट रहे परिवार को अज्ञात ट्रक ने मारी टक्कर
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
शक्तिफार्म। निवासी एवं मूल रूप से गुरूग्राम मायका, बहराइच के थाना नानपारा क्षेत्र के चौक बाजार में शनिवार तड़के करीब 4:30 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए जानकारी के अनुसार गोकुल चंद्र सरकार अपनी पत्नी सुमित्रा सरकार (42) और बेटी गहना सरकार (20) के साथ शुक्रवार देर रात करीब 1:30 बजे मोटरसाइकिल से मटेरा स्थित जंगली नाथ मंदिर में जलाभिषेक करने गए थे। जल चढ़ाने के बाद शनिवार तड़के घर लौटते समय करीब 4:30 बजे चीनी मिल के पास पीछे से आए एक अज्ञात ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि सुमित्रा सरकार और उनकी बेटी गहना सरकार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गोकुल चंद्र सरकार गंभीर रूप से घायल हो गए सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मां-बेटी को मृत घोषित कर दिया। घायल गोकुल चंद्र का उपचार जारी है। परिजनों के अनुसार सुमित्रा सरकार के परिवार में दो बेटे और एक बेटी थी। हादसे में बेटी गहना की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। प्रभारी निरीक्षक राजनाथ सिंह ने बताया कि दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना के बाद फरार अज्ञात ट्रक चालक की तलाश की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है।।

